नालागढ़ में दो पक्षों का विवाद सुलझाने गई पुलिस को मिली ग्रेनेडनुमा वस्तु, एरिया खाली कर सील किया
नालागढ़ के माजरा गांव में दो पक्षों के विवाद की जांच के दौरान पुलिस को एक घर के पास ग्रेनेडनुमा ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में नालागढ़ क्षेत्र में मिला ग्रेनेडनुमा संदिग्ध वस्तु।
HighLights
नालागढ़ के माजरा गांव में संदिग्ध वस्तु मिली।
पुलिस दो पक्षों के आपसी विवाद की जांच कर रही थी।
इलाका सील कर बम डिस्पोजल टीम बुलाई गई।
जागरण संवाददाता, नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में नालागढ़ के माजरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद की जांच के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस टीम को एक घर के समीप ग्रेनेड नुमा संदिग्ध वस्तु बरामद हुई। वस्तु की वास्तविक प्रकृति और स्थिति की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिगत तत्काल आसपास का क्षेत्र खाली करवाकर जगह को सील कर दिया है और संदिग्ध वस्तु की जांच एवं सुरक्षित निस्तारण के लिए बम डिस्पोजल टीम को बुलाया गया है।
दो पक्षों में झड़प के बाद जांच करने पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार पुलिस चौकी जोघों के अंतर्गत गांव माजरा, डाकघर बरूणा में दो पक्षों के बीच विवाद और झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस थाना नालागढ़ में दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान एक घर के समीप पुलिस को यह संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु दिखाई दी। पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया और घटनास्थल को सुरक्षित एवं सील कर दिया।
बम डिस्पोजल टीम करेगी जांच
पुलिस का कहना है कि वस्तु की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल की सुरक्षा के साथ-साथ साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। बम डिस्पोजल टीम की जांच के बाद ही संदिग्ध वस्तु के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
क्या कहना है एसपी बद्दी का
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्रित न हों और किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित न करें। पुलिस ने कहा कि मामले में बरामद संदिग्ध वस्तु समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन और निष्पक्ष जांच की जा रही है।
