ऊना में इनोवा सवार 5 लोगों ने युवक पर तलवार व रॉड से किया हमला, 14 साल के भांजे की वजह से बची जान
ऊना के बेहड़ जसवां में पांच अज्ञात लोगों ने एक युवक पर तलवार, हॉकी और लोहे की रॉड से हमला ...और पढ़ें

ऊना में इनोवा सवार पांच लोगों ने युवक पर हमला कर दिया। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
ऊना में युवक पर तलवार, हॉकी, रॉड से हमला।
पांच अज्ञात हमलावर इनोवा कार से हुए फरार।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में बेहड़ जसवां में चक्क पुली के पास एक युवक का रास्ता रोककर पांच अज्ञात लोगों ने तलवार, हॉकी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के दौरान उसके साथ स्कूटी पर जा रहा 14 वर्षीय भान्जा मौके से भागकर आसपास के लोगों को बुला लाया।
लोगों के पहुंचने पर आरोपित इनोवा गाड़ी में सवार होकर बड़ूही की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान से घर जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार अकरोट निवासी 31 वर्षीय भागवत कुमार चक्क रिंग के पास फास्ट फूड की दुकान चलाता है। सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह अपनी दुकान बंद करने के बाद स्कूटी पर घर लौट रहा था। उसके साथ उसका 14 वर्षीय भान्जा भी बैठा था। जब दोनों बेहड़ जसवां स्कूल के पीछे चक्क पुली के पास पहुंचे तो सड़क पर एक सफेद रंग की इनोवा गाड़ी खड़ी थी।
सड़क के बीच खड़ी कर दी गाड़ी
भागवत कुमार के अनुसार जैसे ही वह इनोवा के पास पहुंचा चालक ने गाड़ी उसकी स्कूटी के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद गाड़ी से पांच व्यक्ति बाहर निकले और बिना कुछ कहे उस पर तलवार, हॉकी और रॉड से हमला कर दिया।
हमले से घबराकर उसका भान्जा प्रिंस गर्ग मौके से भाग गया और शोर मचाकर आसपास रहने वाले लोगों को बुला लाया।
अंधेरा होने के कारण गाड़ी का नंबर भी नहीं पढ़ा जा सका
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपित हथियारों सहित इनोवा में बैठकर बड़ूही की ओर फरार हो गए। रात का समय होने के कारण भागवत कुमार न तो गाड़ी का नंबर देख सका और न ही हमलावरों की पहचान कर पाया।
क्या कहना है डीएसपी का
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने घायल के बयान दर्ज करने के बाद पांच अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
