नालागढ़ में ग्रेनेड मिलने के मामले में सामने आया जम्मू-कश्मीर कनेक्शन, रशीद के घर पहुंची थीं JK नंबर की गाड़ियां
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में ग्रेनेड मिलने के मामले में जम्मू-कश्मीर कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने ...और पढ़ें

सोलन के नालागढ़ में ग्रेनेड बरामदगी की तस्वीर। जागरण आर्काइव
HighLights
नालागढ़ में ग्रेनेड मिलने के मामले में जांच तेज।
मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद सहित तीन गिरफ्तार किए गए।
जम्मू-कश्मीर नंबर की गाड़ियों का कनेक्शन खंगाला जा रहा है।
जागरण संवाददाता, बीबीएन। हिमाचल प्रदेश में सोलन जिले के नालागढ़ के गांव माजरा में आपसी विवाद की जांच के दौरान दो ग्रेनेड बरामद होने के मामले में पुलिस की जांच की आंच जम्मू-कश्मीर तक पहुंची है। पुलिस के अनुसार, माजरा गांव के कुछ लोगों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली है कि मुख्य आरोपित रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ के घर के आसपास जम्मू-कश्मीर नंबर की कुछ गाड़ियां देखी गई थीं।
हालांकि इन वाहनों अथवा उनके मालिकों का ग्रेनेड बरामदगी मामले से संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल जम्मू-कश्मीर कनेक्शन जांच का एक पहलू है, स्थापित तथ्य नहीं।
पुलिस इस मामले में अभी तक रशीद मोहम्मद और उसकी पत्नी किरना सहित भाई सलीम मोहम्मद निवासी माजरा को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों आरोपित पांच अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर हैं।
ट्रैवल हिस्ट्री खंगाल रही एसआईटी
पुलिस रिमांड के दौरान डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में गठित एसआइटी आरोपितों से ग्रेनेड के स्रोत, उसे माजरा तक पहुंचने की परिस्थितियों और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका पर पूछताछ कर रही है। पुलिस रशीद की ट्रक चालक के रूप में आवाजाही और ट्रैवल हिस्ट्री को भी खंगाल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह काम के सिलसिले में किन राज्यों में गया और इस दौरान किन लोगों के संपर्क में रहा।
आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपित रशीद और उसके भाई सलीम के खिलाफ पंजाब और जम्मू-कश्मीर में एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस इन मामलों की जानकारी जुटाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि कहीं उनका मौजूदा ग्रेनेड बरामदगी मामले से कोई संबंध तो नहीं है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान के अनुसार, मामले की तह तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह है मामला
29 सितंबर को माजरा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद की जांच के दौरान पुलिस को एक घर के समीप ग्रेनेड मिला था। इसके बाद आसपास के क्षेत्र की तलाशी में दूसरा ग्रेनेड भी बरामद हुआ। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया और बम निरोधक दस्ते की मदद से दोनों ग्रेनेड को निष्क्रिय करवाया। पुलिस थाना नालागढ़ में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट, 1908 की धारा चार के तहत मामला दर्ज किया गया है।
