विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में UP एसटीएफ की दबिश, नकली दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री की सील, चने के भूसे और पाउडर से बन रही थी मेडिसिन

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 19 Nov 2026 12:18 PM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2026 12:31 PM (IST)

हिमाचल के नालागढ़ में यूपी एसटीएफ ने नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। चने के भूसे और ...और पढ़ें

नालागढ़ में नकली दवाओं की फैक्ट्री पकड़ी गई है। जागरण

नालागढ़ में नकली दवाओं की फैक्ट्री पकड़ी गई है। जागरण

HighLights

  1. नालागढ़ में नकली दवा निर्माण इकाई पर एसटीएफ की छापेमारी।

  2. चने के भूसे और पाउडर से बन रही थीं ब्रांडेड दवाएं।

  3. भारी मात्रा में नकली दवाएं और मशीनें बरामद, तीन गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक बार फिर नकली दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि जिन दवाओं को लोग अपनी बीमारी से राहत पाने के लिए भरोसे के साथ खरीदते हैं, उन्हीं दवाओं की नकल चने के भूसे और पाउडर से तैयार की जा रही थी। नामी कंपनियों के ब्रांडेड नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर इन नकली दवाओं को बाजार में खपाने की तैयारी थी।

वाराणसी में नकली दवाओं की खेप पकड़े जाने के बाद उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नालागढ़ के राजपुरा खेड़ा बाईपास स्थित एक अवैध दवा निर्माण इकाई में छापेमारी कर इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपित हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार को पकड़ा गया है।

भारी मात्रा में दवाएं बरामद

छापेमारी के दौरान टीम को मौके से भारी मात्रा में नकली दवाएं और इनके निर्माण, पैकिंग व छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस इकाई में नामी कंपनियों की महंगी और बाजार में अधिक मांग वाली दवाओं की हूबहू नकल तैयार की जा रही थी। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये दवाएं बनाई जा रही थीं

एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के अनुसार, जांच में पता चला कि यहां प्रतिजैविक, तंत्रिका तंत्र संबंधी बीमारियों और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की नकल बनाई जा रही थी। इनमें पैन-डी कैप्सूल, प्रेसिज-300 कैप्सूल (प्रेगाबालिन), सी-एजेड (सेफिक्सिम और एजिथ्रोमाइसिन), ए-सिपेक्स-625 (एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलनेट) तथा न्यूरो-300 (प्रेगाबालिन) शामिल हैं। इसके अलावा जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकाल 500 और टैक्सिम ओ 200 सहित अन्य दवाओं से संबंधित सामग्री भी बरामद हुई है। इनकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।

मशीनों से लेकर ब्रांडेड पैकेजिंग तक का पूरा इंतजाम 

एसटीएफ की टीम को मौके से ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन और वजन मापने वाले उपकरण मिले हैं। इसके साथ ही दवाओं के नाम और ब्रांड की छपाई के लिए तैयार फॉइल तथा स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि यहां केवल नकली दवाएं तैयार ही नहीं की जा रही थीं, बल्कि उनकी पैकिंग और ब्रांडेड कंपनियों के नाम से बाजार में उतारने की पूरी व्यवस्था भी मौजूद थी।

कई राज्यों तक फैला हो सकता है नेटवर्क 

अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि नालागढ़ में तैयार की जा रही नकली दवाओं की सप्लाई किन राज्यों, शहरों और दवा कारोबारियों तक की जा रही थी। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

निगरानी व्यवस्था पर सवाल

इस मामले ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध दवा निर्माण और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से यह जांच का विषय है कि इतनी बड़ी इकाई में नकली दवाओं का निर्माण और पैकिंग होती रही और हिमाचल प्रदेश के औषधि नियंत्रण विभाग को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी।


यह भी पढ़ें: 200 रुपये में 5 लाख का सुरक्षा कवच, हिमाचल सरकार की कर्मचारियों के लिए बड़ी योजना; वेतन से कटेगा प्रीमियम 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।