भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कल हिमाचल पहुंचेंगे जेपी नड्डा, सोलन में होगा अभिनंदन
JP Nadda Visit Himachal भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पार्टी मुखिया का पद संभालने के बाद पहली बार गृह राज्य में आएंगे।
सोलन, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पार्टी मुखिया का पद संभालने के बाद पहली बार गृह राज्य में आएंगे। सोलन जिला के ठोडो मैदान में नड्डा का अभिनंदन किया जाएगा। जेपी नड्डा अपने बेटे गिरीश की शादी के बाद पुष्कर से बिलासपुर आ रहे हैं। वीरवार सुबह वह सोलन पहुंचेंगे। जेपी नड्डा के अभिनंदन के लिए सोलन शहर सजा दिया गया है। शहर में भगवा फूल मालाएं लटकाई गई हैं। ठोडो मैदान में भगवा पंडाल लगाया है। शहर में कई स्वागत गेट लगाए गए हैं। उनके स्वागत में शिमला संसदीय क्षेात्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से हजारों लोग यहां ठोडो मैदान पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री के साथ जगत प्रकाश नड्डा सोलन के बसाल हेलीपैड में करीब 11 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद शहर में मुख्य नेता उनका स्वागत करेंगे और लगभग 11:30 पर वह ठोडो मैदान में होंगे। यहां हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं की कतार के मध्य से वह गुजरेंगे और सभी लोग उनका फूल मालाओं से स्वागत करेंगे। इसके उपरांत वह मंच से जनता को संबोधित करेंगे। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल सहित संगठन महामंत्री पवन राणा, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया सहित पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल सहित अन्य शीर्ष नेता भी मौजूद रहेंगे।
उनके स्वागत में ठोडो मैदान में कार्यकर्ताओं के बीच लड्डू वांटे जा रहे हैं। गौर हो कि विश्व की सबसे बडी पार्टी बन चुकी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जगत प्रकाश नडडा पहली बार हिमाचल पहुंच रहे हैं। उनके इस आगमन को भव्य बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डा. राजीव बिंदल पिछले कई दिनों से ठोडो मैदान में तैयारियों को लेकर जुटे हुए हैं।