यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Landslide: सोलन में मकान गिरने से महिला की मौत व पति घायल, चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर भूस्खलन
Himachal Pradesh Landslide हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भारी बारिश से तबाही जारी है। कसौली उपमंडल की पंचायत भौगुड़ी ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, सोलन। Himachal Pradesh Landslide, हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भारी बारिश का कहर मंगलवार को भी जारी है। बारिश के कारण कई संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बंद है, तो वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही रुकी हुई है।
वहीं, कसौली उपमंडल की पंचायत भौगुड़ी में सोमवार रात 10 बजे एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बस्तला (समलोह) गांव में हेमराज का मकान भारी बारिश के कारण पूरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिसमें दबने से उनकी पत्नी हेमलता की मौत हो गई।
घर में मौजूद थे सात लोग
हादसे के समय मकान में सात लोग मौजूद थे, जिसमें हेमराज के चार बच्चे और 85 वर्षीय माता मौजूद थे। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने राहत बचाव का कार्य शुरू कर मकान में रह रहे सभी लोगों को बाहर निकाला।
महिला के पति को भी आई चोटें
इस घटना में हेमराज को मामूली चोटें आई, जबकि उनकी पत्नी हेमलता को पट्टा महलोग सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पंचायत प्रधान दुर्गावती व पूर्व प्रधान बलदेव सिंह मौके पर पहुंचे। फौरी राहत के तौर पर नायब तहसीलदार सूरत सिंह की ओर से 20 हजार की राहत राशि पीड़ित परिवार को दी गई।
चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर भारी भूस्खलन
जानकारी के अनुसार मंगलवार दिन में सवा 11 बजे चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर जय हिंद पेट्रोल पंप धर्मपुर के नजदीक कसौली रोड से नीचे भारी भूस्खलन होने से दोनों लेन में वाहनों की आवाजाही रुक गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई है। हालांकि उसको खुलवाने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर है।
