हिमाचल: सोलन के परवाणू में हादसा, तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को कुचला; एक की मौत
परवाणू के टीटीआर के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में जा घुसी, जिससे सड़क पर काम कर रहे तीन मजदूर चपेट में आ गए।
-1794319184173_m.webp)
तेज रफ्तार कार ने ली मजदूर की जान। सांकेतिक फोटो
HighLights
परवाणू में तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला।
हादसे में एक मजदूर की मौत, दो अन्य घायल।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, परवाणू (सोलन)। परवाणू के टीटीआर के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सोलन से चंडीगढ़ की ओर जा रही पंजाब नंबर की एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जा पहुंची। इस दौरान सड़क पर काम कर रहे तीन मजदूर कार की चपेट में आ गए।
हादसे में शामिल कार का नंबर पीबी-02-बीए-6861 बताया जा रहा है। कार की चपेट में आने से तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय सुकाड़ी ऋषि निवासी पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल दो अन्य मजदूरों का उपचार किया गया।
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंची कार ने सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।