केंद्रीय विद्यालय सुबाथू को जरूरत पड़ने पर बनाएंगे क्वारंटाइन सेंटर
देशभर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने केंद्र सरकार की चिता बढ़ा दी है।
संवाद सूत्र, सुबाथू : देशभर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने केंद्र सरकार की चिता बढ़ा दी है। ऐसे में सरकार की ओर से देशभर में केंद्रीय विद्यालयों को जरूरत पड़ने पर क्वारंटाइन सेंटर में तबदील करने के लिए अलर्ट किया जा चुका है। प्रदेश में भी कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सुबाथू के केंद्रीय विद्यालय को भी जरूरत पड़ने पर क्वारंटाइन सेंटर बनाने के निर्देश मिल चुके हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जागेश्वर सिंह ने बताया केंद्रीय विद्यालय सुबाथू को जरूरत पड़ने पर क्वारंटाइन केंद्र बनाने की अधिसूचना मिल चुकी है। उन्होंने कहा स्कूल भवन में करीब 20 कमरे हैं, लेकिन क्वारंटाइन सेंटर बनाने के लिए नियमानुसार प्रत्येक कमरों के साथ शौचालय होना चाहिए। फिलहाल क्वारंटाइन सेंटर बनाने के लिए स्कूल में कोई सर्वे नहीं हुआ है। लेकिन अगर सर्वे होगा तो इस विषय पर भी समाधान का विकल्प खोजा जाएगा। जागेश्वर सिंह ने कहा केंद्रीय विद्यालय में किसी भी व्यक्ति को क्वारंटाइन करने से पहले सेना अधिकारियों व जिला प्रशासन की सहमति लेनी होगी।