देवेंद्र गुप्ता बने कसौली छावनी के उपाध्यक्ष
पिछले एक माह से रिक्त चल रही कसौली छावनी छावनी उपाध्यक्ष की कुर्सी पर वरिष्ठ छावनी पार्षद देवेंद्र गुप्ता विराजमान हो गए।
संवाद सहयोगी, सोलन : एक माह से खाली चल रही कसौली छावनी छावनी उपाध्यक्ष की कुर्सी पर पार्षद देवेंद्र गुप्ता विराजमान हो गए हैं। यह पद पूर्व छावनी उपाध्यक्ष राजीव भारती के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव के बाद खाली था। सोमवार को छावनी कार्यालय में छावनी अध्यक्ष व स्टेशन कमांडर कसौली ब्रिगेडियर विक्रम शर्मा की अध्यक्षता में चुनाव के लिए बैठक हुई। बैठक में सिविल से निर्वाचित सभी पार्षद मौजूद रहे। छावनी अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने को कहा। पार्षदों में से एक मात्र वार्ड तीन के पार्षद देवेंद्र गुप्ता ने नामांकन भरा। छावनी उपाध्यक्ष के पद पर निर्वाचित होने के बाद देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि वह पूरी जिम्मेवारी के साथ कार्य का निर्वहन करेंगे और कसौली छावनी के सभी छह वार्डो में एक समान विकास करवाएंगे। देवेंद्र गुप्ता इससे पहले भी दो बार छावनी उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि कसौली छावनी होने के साथ साथ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी भी है और यहां पर पर्यटन को और कैसे निखार सकते हैं इस पर भी कार्य किया जाएगा।