ठेकेदारी प्रथा के विरोध में हड़ताल पर बैठे मजदूर
क्षेत्र के बागा में स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के मजदूरों ने दो दिवसीय हड़ताल वीरवार को शुरू हो गई ।
संवाद सूत्र, दाड़लाघाट : बागा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के मजदूरों की दो दिवसीय हड़ताल वीरवार को शुरू हुई। लाल झंडा सीमेंट प्लांट वर्कर यूनियन के बैनर तले शुरू हुई हड़ताल में सैकड़ों कामगारों ने भाग लिया, जिससे प्लांट का उत्पादन बिल्कुल बंद रहा। शालूघाट में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अल्ट्राटेक मैनेजमेंट एक साल से मजदूरों के 15 सूत्रीय मांग पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सुविधाओं को भी लागू नहीं किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के समान काम के समान वेतन के फैसले को लागू नहीं किया जा रहा है। प्लांट में ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा देकर मजदूरों का शोषण किया जा रहा है।
अल्ट्राटेक मैनेजमेंट के रवैया के खिलाफ मजदूरों को हड़ताल पर जाना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार मजदूर और कंपनी के बीच उपजे विवाद को सुलझाने में नाकाम रही है। श्रम कानूनों को लागू करवाने के बजाए उद्योगपतियों को मजदूरों के शोषण की खुली छूट दे रही है। मजदूरों ने मांग की है कि सीमेंट में ठेकेदारी प्रथा को खत्म करके सभी मजदूरों की स्थायी नियुक्ति की जाए। न्यूनतम वेतन 18000 रुपये लागू किया जाए। श्रम कानूनों को सख्ती से लागू किया जाए। सीमेंट का उत्पादन प्रदेश में होता है वह प्रदेशवासियों को अन्य राज्यों की तुलना में महंगा मिलता है। प्रदेशवासियों को भी सस्ती दरों पर सीमेंट उपलब्ध करवाया जाए।
यूनियन प्रधान सुरेश कुमार व महासचिव बलवीर चौहान ने सभी मजदूरों को पहले दिन की सफल हड़ताल की शुभकामना दी। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव सीटू डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, राज्य अध्यक्ष जगत राम, राज्य महासचिव प्रेम गौतम, सचिव विजेंद्र मेहरा, जिला सचिव एनडी रनौट, लाल झंडा यूनियन के प्रधान सुरेश कुमार, यूनियन महासचिव बलवीर सिंह, यूनियन सदस्य लालमन भाटिया, तिलक राज, बृजलाल, राजेंद्र कुमार, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।