भारी वर्षा से जलभराव, खेतों को नुकसान
अर्की उपमंडल में मंगलवार देर रात हुई मूसलधार वर्षा से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ।
संवाद सूत्र, दाड़लाघाट : अर्की उपमंडल में मंगलवार देर रात हुई मूसलधार वर्षा से क्षेत्र में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। भारी वर्षा से कई जगह जलभराव होने के कारण कई लोगों के खेतों को नुकसान हुआ। अर्की के हनुमान बड़ोग में भारी वर्षा से धान के खेतों को नुकसान पहुंचा।
दावटी पंचायत के शिवनगर में बरसाती नाले का पानी सड़क पर आ गया। सड़क पर पत्थर व बजरी आने के साथ कीचड़ से दुकानें लबालब हो गई। सड़क पर ल्हासे गिरने से यातायात बंद हो गया। हनुमान बड़ोग में भारी वर्षा से लोगों के धान के क्यार बह गए। खड्ड में बना 40 साल पुराना चेकडैम भी टूट गया। चेकडैम के टूटने से सैकड़ों बीघा जमीन में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई। चेकडैम के बहने से साथ लगती सड़क, जमीन, खेल मैदान और इस खड्ड पर बने पुल को भी खतरा हो गया है। गांव हनुमान बड़ोग के किसान अमर शर्मा ने कहा कि शीघ्र चेकडैम की मरम्मत की जाए ताकि और नुकसान न हो।
दावटी पंचायत प्रधान इंद्रा शर्मा व उपप्रधान हीरा कौंडल ने बताया कि दावटी में मंगलवार देर रात हुई वर्षा से लोगों को काफी नुकसान हुआ है। शिवनगर में मलबा सड़क पर आने से खेल मैदान को नुकसान हुआ। पानी के बहाव के कारण पत्थर व बजरी सड़क और दुकानों में भर गई। गांव के एक व्यक्ति के घर में पानी भर गया। दावटी पंचायत के एक व्यक्ति के घर की दीवार टूट गई। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उसका आकलन कर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा कराड़ा-शेरपुर मार्ग पर भी ल्हासे गिरे। इस कारण मार्ग अवरुद्ध रहा। हालांकि बाद में लोक निर्माण विभाग ने मार्ग से मलबा हटाकर इसे यातायात के लिए खोल दिया।