विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में नशा तस्करी से जुटाई 2.08 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त, बद्दी पुलिस ने पूरे परिवार पर लिया एक्शन

By Suneel Kumar Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 17 Sep 2026 05:39 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए बद्दी में एक परिवार की 2.08 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त की है।

बद्दी पुलिस ने नशा तस्कर की संपत्ति को फ्रीज किया है।

बद्दी पुलिस ने नशा तस्कर की संपत्ति को फ्रीज किया है।

HighLights

  1. बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों की 2.08 करोड़ की संपत्ति जब्त की।

  2. नालागढ़ एनडीपीएस मामले में एक परिवार की संपत्ति फ्रीज की गई।

  3. जब्त संपत्ति में जमीन, मकान, गाड़ियां और बाइक शामिल हैं।

जागरण संवाददाता, बीबीएन। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करों की संपत्ति को जब्त करने का अभियान तेज कर दिया है। बद्दी पुलिस ने तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने का काम किया है। नालागढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले की वित्तीय जांच के आधार पर पुलिस ने एक ही परिवार से जुड़े लोगों की करीब 2.08 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की है।

कार्रवाई में जमीन, मकान और गाड़ी व बाइक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार संपत्तियों की पहचान आरोपितों और उनके परिजनों की वित्तीय जांच तथा नशे के कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच के दौरान की गई। 

6.68 ग्राम चिट्टे सहित पकड़ा था आरोपित

पुलिस थाना नालागढ़ में दर्ज मामले के तहत 12 मई 2024 को टिक्कर पनौह निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा के कब्जे से 6.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों का वित्तीय सत्यापन किया और संबंधित संपत्तियों को कानून के प्रावधानों के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की। 

कार व दोपहिया वाहन जब्त

अमरजीत कौर से संबंधित करीब 80.07 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इसमें टाटा पंच, एक्टिवा, टीवीएस जूपिटर टिक्कर पनौह में करीब 7.10 बिस्वा भूमि और करीब पांच बिस्वा हिस्से पर बना दो मंजिला मकान शामिल है। पुलिस के अनुसार अमरजीत कौर वर्तमान में पिट एनडीएंडपीएस एक्ट के तहत किशनपुरा जेल में निरुद्ध हैं। 

इसी तरह सतनाम सिंह उर्फ सत्ती से संबंधित करीब 83.15 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इसमें टीवीएस एनटोरक, एक्टिवा, मारुति जेन तथा 2.10 बिस्वा भूमि पर बना मकान शामिल है। पुलिस के मुताबिक यह भूमि और मकान उसकी पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम दर्ज है।

गुरप्रीत का 2 बीएचके मकान फ्रीज

वहीं, गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा से संबंधित जेएचएसडीपी नालागढ़ स्थित 2 बीएचके मकान और भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये है, को भी फ्रीज किया गया है। 

एक सप्ताह में 5.5 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई

इस तरह तीनों से संबंधित संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य दो करोड़ 8 लाख 22 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह में नशा तस्करों से संबंधित करीब 5.5 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

क्या कहते हैं एसपी बद्दी

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करों और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा कानून के अनुसार फ्रीजिंग/जब्ती की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में ड्रिलबुरी पर्वत परिक्रमा के दौरान बर्फबारी की चपेट में आकर 2 महिला श्रद्धालु की मौत, फिसलकर कई घायल