हिमाचल के लाहौल स्पीति में हादसा, गहरी खाई में गिरा स्कूली बच्चों से भरा ट्रैवलर; शिक्षक समेत कई बच्चे घायल
लाहौल स्पीति में गर्ग एंड गर्ग प्लांट के पास एक टेम्पो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें इंदौर से आए स्कूली बच्चे और एक शिक्षक सवार थे।
-1793632575511_m.webp)
खाई में गिरा स्कूली बच्चों से भरा टेंपो ट्रैवलर। फोटो जागरण
HighLights
लाहौल स्पीति में टेम्पो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, इंदौर के छात्र घायल।
एक शिक्षक सहित सात बच्चे घायल, अस्पताल में उपचार जारी।
दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, सोलन। हिमाचल के जिला लाहौल स्पीति में सोमवार को टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गया। पुलिस पोस्ट कोकसर की जानकारी के मुताबिक, गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप एक टेंपो ट्रैवलर वाहन संख्या HP01K9878 सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया है।
वाहन मनाली से रोहतांग दर्रा होते हुए कोकसर से अटल टनल की ओर जा रहा था। वाहन में मध्य प्रदेश के इंदौर से घूमने आए स्कूली बच्चे एवं उनके साथ एक शिक्षक सवार थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां वाहन सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पाया गया। वाहन में कुल 11 बच्चे, एक शिक्षक एवं चालक सवार थे। दुर्घटना में एक शिक्षक सहित कुल 7 बच्चे घायल हुए हैं। राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
अस्पताल में घायलों का चल रहा इलाज
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ घायलों को मनाली अस्पताल तथा अन्य घायलों को पीएचसी सिस्सू ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (MLC) प्राप्त कर लिए गए हैं।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आगामी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। केडी शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय केलांग, जिला लाहौल एवं स्पीति, हिमाचल प्रदेश