हिमाचल के सिरमौर में सीएचसी भवन का वर्चुअल उद्घाटन, 18 पंचायतों को मिली बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
नौहराधार में 10 साल के इंतजार के बाद नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का मुख्यमंत्री ने वर्चुअल उद्घाटन किया। यह ...और पढ़ें

सिरमौर में सीएचसी भवन का वर्चुअल उद्घाटन। फोटो जागरण
HighLights
नौहराधार में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का वर्चुअल उद्घाटन।
18 पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
पांच मंजिला भवन में लिफ्ट, ऑपरेशन थिएटर और 30 बिस्तर।
जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की जनता को आखिरकार करीब दस वर्षों के लंबे इंतजार के बाद नौहराधार क्षेत्र की 18 पंचायतों के लोगों को करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन मिल ही गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से नए भवन का उद्घाटन किया तथा वर्चुअल से ही लोगों को संबोधित किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शाडिल और श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे। दैनिक जागरण ने सीएचसी के पुराने जर्जर हो चुके भवन की खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जर्जर भवन में कुछ दिन पहले रात्रि चौकीदार तथा डॉक्टर पर दिन में छत से प्लास्टर गिर कर घायल हुए थे।
दैनिक जागरण में प्रकाशित खबरों के स्वास्थ्य विभाग और सरकार ने करोड़ों रुपए से बने नवनिर्मित भवन में शिफ्ट करने की निर्देश दिए थे। जिसके चलते शुक्रवार को मुख्यमंत्री से वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ, बीएमओ तथा विकास खंड प्रशासन के अधिकारी भी सुबह ही व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंच गए थे।
उद्घाटन के अवसर पर पूरे विधि-विधान के साथ पुराने भवन से स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ और आवश्यक सामान को नए भवन में स्थानांतरित किया गया। इसके साथ ही अब नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो गई हैं।
नवनिर्मित पांच मंजिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में मरीजों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट, ऑपरेशन थियेटर, नर्सिंग रूम, चिकित्सकों के अलग कमरे, ओपीडी, एक्स-रे रूम और अल्ट्रासाउंड रूम जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। भवन में 30 बिस्तरों की क्षमता निर्धारित की गई है। लेकिन इन सुविधाओं का वास्तविक लाभ मरीजों को तभी मिल पाएगा, जब आवश्यक उपकरण, मशीनरी, बिस्तर और पर्याप्त स्वास्थ्य स्टाफ उपलब्ध करवाया जाएगा।
बता दें कि पुराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन लंबे समय से जर्जर हालत में था। भवन की छत से कई बार सीमेंट के टुकड़े गिरने की घटनाएं सामने आती रहती थीं। इस अवसर पर डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी, सीएमओ डॉ राकेश प्रताप, बीएमओ संगडाह, श्री रेणुका जी कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, नौहराधार भाजपा मंडल अध्यक्ष भारत भूषण, व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक चौहान, विवेक चौहान, अशोक ठाकुर आदि तमाम क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।