निर्माणाधीन पुल गिरने से छह कामगार दबे, रात को लेंटल डालने पर ठेकेदार व एसडीओ पर केस
जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र कसौगा पंचायत में दभुडी टिक्कर में निर्माणाधीन पुल की शटरिंग गिरने से काम में जुटे छह कामगार मलबे में दब गए।
नाहन, जेएनएन। जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र कसौगा पंचायत में दभुडी टिक्कर में निर्माणाधीन पुल की शटरिंग गिरने से काम में जुटे छह कामगार मलबे में दब गए। रात को हुए हादसे के बाद कड़ी मशक्कत के बाद दबे पांच मजदूरों को बाहर निकाला गया। एक मजदूर तड़के ही रेस्कयू किया गया। सभी को मेडिकल काॅलेज नाहन ले जाया गया, जहां से तीन को नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। अन्य दो कामगारों का मेडिकल काॅलेज में ही उपचार चल रहा है। एक मजदूर को पांवटा अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि रात को पुल का लेंटल डालते हुए ये हादसा हुआ।
हादसे में घायल मजदूरों की पहचान कैलाश पुत्र राजेंद्र निवासी खुड, कुशल पुत्र मोलू राम निवासी खुड, हीरा सिंह पुत्र मोलू राम निवासी खुड, रत्न सिंह पुत्र मिथू राम निवासी खाला क्यार, मदन सिंह निवासी पुत्र रत्न सिंह निवासी दभोडी टिक्कर, लच्छी राम पुत्र अलबेला सिंह निवासी डंडोह के तौर पर हुई है। इनमें से हीरा, कुशल सिंह और मदन को पीजीआई रेफर किया गया है। सवाल उठ रहे हैं कि रात के अंधेरे में पुल पर लेंटल डालने की क्या आवश्यकता थी। नाहन पुलिस ने लोक निर्माण विभाग के एसडीओ, जेई और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एसएचओ नाहन मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ केस रजिस्टर हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं मेडीकल काॅलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीडी शर्मा ने बताया तीन मज़दूरों को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य को यहीं उपचार दिया जा रहा है।