पांवटा-गुम्मा एनएच धंसा, हजारों यात्री फंसे
पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर रविवार सुबह अचानक दरारे आना शुरू हो गई। उसके बाद करीब 1130 बजे नेशनल हाईवे पर आई दरारे टूट कर करीब 200 मीटर हाईवे का हिस्सा गिरी नदी की ओर खिसकने लगा। जिसके चलते सतौन के पास कच्ची ढांक पर एनएच का 200 मीटर का हिस्सा नेशनल हाईवे से कट कर करीब 100 फुट से अधिक की गहराई तक जा पहुंचा। नेशनल हाईवे के दोनों तरफ सैकड़ों गाडिय़ां के पहिए रूक गए है।
जागरण संवाददाता, नाहन :
पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग-707 के रविवार सुबह अचानक धंस गया। इससे एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और सैकड़ों वाहनों में हजारों यात्री फंस गए। देरशाम तक एनएच बहाल न होने से यात्री व स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर गिरी नदी में उतर दूसरे छोर तक पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच का जितना हिस्सा धंसा है, उसे बहाल करने में दो-तीन दिन लग सकते हैं।
रविवार सुबह पांवटा-गुम्मा एनएच पर अचानक दरारे आना शुरू हो गई। करीब 11:30 बजे एनएच का हिस्सा गिरी नदी की ओर खिसकने लगा। इससे सतौन के पास कच्ची ढांक पर एनएच का 200 मीटर का हिस्सा नेशनल हाईवे से कट कर करीब 100 फुट से अधिक की गहराई तक जा पहुंचा। देखते ही देखते एनएच के दोनों किनारों पर वाहनों के पहिए थम गए। एनएच बंद होने से गिरीपार क्षेत्र शेष प्रदेश से कट गया है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग के एनएच विंग के नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता अनिल शर्मा को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सतौन के समीप करीब 150 से 200 मीटर का हिस्सा लगातार धंस रहा है। पहाड़ी से पत्थर भी गिर रहे हैं। जब तक यह हिस्सा धंसना बंद नहीं होगा तब तक मार्ग को बहाल नहीं किया जा सकता। सतौन के समीप से गिरी नदी में होते हुए करीब 1 किलोमीटर का वैकल्पिक मार्ग मार्ग बनाने का प्रयास किया जा रहा है। देर शाम तक ही छोटे वाहनों के लिए गिरी नदी से होते हुए मार्ग बहाल किया जाएगा।