सिरमौर में श्री वामन देव की विधिवत पूजा के साथ राज्यस्तरीय मेला शुरू, सराहां में है सदियों पुराना मंदिर
सिरमौर के सराहां में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का शुभारंभ अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एकता काप्टा ने किया। ...और पढ़ें

श्री वामन द्वादशी मेले के दौरान शोभायात्रा निकालते भक्तजन व अतिथि। जागरण
HighLights
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एकता काप्टा ने मेले का शुभारंभ किया।
भगवान श्री वामन देव की पालकी शोभायात्रा और नौका विहार हुआ।
मेले में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनियां आयोजित होंगी।
जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर के सराहां में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का विधिवत शुभारंभ अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा ने किया। उन्होंने भगवान श्री वामन देव की विधिवत पूचा अर्चना करने के उपरान्त वामन देव की पालकी को कंधा देते हुए मंदिर से खंड विकास अधिकारी कार्यालय, नए बस स्टैंड तक शोभायात्रा में भाग लिया।
शोभायात्रा के दौरान पारम्परिक वाद्यदल, होमगार्ड व हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इसके उपरांत नगर में स्थित तालाब में भगवान श्री वामन देव की पालकी को नौका विहार करवाया गया।
दशकों से मनाया जा रहा मेला
उन्होंने राज्यस्तरीय मेले के अवसर पर लोगों को बधाई दी और कहा कि सराहां का यह मेला जिला सिरमौर में आयोजित होने वाले विभिन्न मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। दशकों से यह मेला सराहां में श्री वामन द्वादशी मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ करता आ रहा है।
खेल व सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी
मेले के दौरान सराहां में तीन दिनों तक खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय मेले के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का तथा विभिन्न विभागों तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का शुभारंभ तथा अवलोकन भी किया।
एकता काप्टा ने चेस प्रतियोगिता का शुभारम्भ करते हुए बच्चों से कहा कि वह पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि ले और नशे से दूर रहे।
इस अवसर पर एसडीएम पच्छाद एवं सदस्य सचिव राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेला कमेटी डॉ. प्रियंका चन्द्रा ने एडीएम को शॉल टोपी तथा समृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
सदियों पुराना है मंदिर
पच्छाद उपमंडल मुख्यालय सराहां में श्री वामन देव का सदियों पुराना मंदिर है। वामन द्वादशी का मेला 1928 से मनाया जा रहा है। यह मेला सराहां कस्बे के बीचों-बीच स्थित शिरगुल तालाब तथा वामन भगवान को समर्पित है। 1928 से 1960 तक यह मेला छोटे स्तर पर मनाया जाता था। उसके बाद इसे जिला स्तरीय दर्जा दे दिया गया। पिछले एक दशक से यह राज्यस्तरीय मेले के रूप में मनाया जा रहा है।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर विधायक पच्छाद रीना कश्यप, उपाध्यक्ष जिला परिषद सिरमौर बलदेव भण्डारी, अध्यक्ष बीडीसी पच्छाद प्रकाश भाटिया, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी, नायब तहसीलदार रहीश अहमद, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, कांग्रेस नेत्री ऊषा तोमर व कांग्रेस नेता रणधीर पंवार, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा के अतिरिक्त व्यापार मण्डल सराहां तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति उपास्थित रहे।
