पांवटा साहिब में नशा तस्कर की 31.83 लाख की संपत्ति जब्त, सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सिरमौर पुलिस ने पांवटा साहिब में नशा तस्करी से अर्जित 31.83 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। यह कार्रवाई ...और पढ़ें
-1793900589049_m.webp)
नशा तस्कर की 31.83 लाख की संपत्ति जब्त। फाइल फोटो
HighLights
सिरमौर पुलिस ने नशा तस्कर की संपत्ति फ्रीज की।
पांवटा साहिब में 31.83 लाख की संपत्ति जब्त हुई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी पर कार्रवाई जारी।
जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए नशे से कमाई कर पांवटा साहिब में बनाई गई संपत्ति को अदालत से फ्रीज करने में सफलता प्राप्त की है। जिला सिरमौर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उनके अवैध आर्थिक नेटवर्क पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज एफआईआर संख्या 25/2026, धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी फिरोज आलम निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से 1,300 खुली कैप्सूल एवं 96 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। मामले की वित्तीय जांच के दौरान आरोपी एवं उसके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों का पता लगाकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
सक्षम प्राधिकारी, एसएएफईएमए एवं एनडीपीस नई दिल्ली ने कुल 31,83,579.10 मूल्य की संपत्ति को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की है। जिला पुलिस, सिरमौर स्पष्ट करती है कि नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे अर्जित संपत्तियों पर भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला सिरमौर पुलिस नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उधर जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने पांवटा साहिब में नशा तस्कर की 31.83 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज करने की पुष्टि की है।