शिमला-दिल्ली वैकल्पिक मार्ग सादनाघाट में भूस्खलन से हो रहा बंद
नाहन-कुमारहट्टी वैकल्पिक एनएच भी नैनाटिक्कर के समीप सादनाघाट में बार-बार भूस्खलन से बंद हो रहा है।
नाहन, जेएनएन। राष्ट्रीय राजमार्ग कालका-शिमला पर फोरलेन के निर्माण कार्य के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों व बडे़ वाहनों के लिए एक सप्ताह तक रूट परिवर्तन किया है। एचआरटीसी शिमला से दिल्ली, शिमला व ऊपरी शिमला से हरिद्वार जाने वाली बसों को नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग से वैकल्पिक मार्ग से भेजने के आदेश उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने जारी किए हैं। मगर नाहन-कुमारहट्टी वैकल्पिक एनएच भी नैनाटिक्कर के समीप सादनाघाट में बार-बार भूस्खलन से बंद हो रहा है। इस कारण एनएच पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं।
वीरवार सुबह सात से दस बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। एनएच बंद होने की सूचना के बाद करीब दो घटे के बाद छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल किया गया जबकि बड़े वाहनों के लिए एनएच बहाल करने में तीन लगे। चंडीगढ़-शिमला एनएच पर फोरलेन के निर्माण के चलते परवाणू से कुमारहट्टी तक प्रतिदिन कई घटों का जाम लग रहा है। भूस्खलन से एक तरफ की लेन बिल्कुल बंद हो गई है। दूसरी लेन पर भी लगातार बारिश के चलते लगातार ट्रैफिक जाम हो रहा है। उधर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नाहन मंडल के अधिशाषी अभियंता वीके अग्रवाल ने बताया कि नाहन-शिमला एनएच नैनाटिक्कर के समीप सादनाघाट में भूस्खलन व बड़े-बड़े पत्थर आने से बाधित हो रहा है। इसे खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं।