सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की यात्रा पर गए पीजीआइ चंडीगढ़ के डॉक्टर की मौत
सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की यात्रा पर जा रहे पीजीआइ चंडीगढ़ के एक डॉक्टर को सांस लेने में दिक्कत हुई जिससे उनकी मौत हो गई।
नाहन, जेएनएन। सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की यात्रा पर जा रहे पीजीआइ चंडीगढ़ के एक डॉक्टर को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिससे उनकी मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ यात्रा पर जा रहे थे कि तीसरी नामक स्थान पर उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी डॉक्टर सौगात चौधरी के रूप में हुई है। वह पीजीआइ चंडीगढ़ में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे।
डॉक्टर सौगात अपनी दोस्त जैसमिन के साथ 21 नवंबर को नौहराधार से चूड़धार के लिए निकले थे। इस दौरान देर शाम को वह तीसरी नामक स्थान में पहुंचे। यहां पर उन्होंने विश्राम किया।
22 तारीख को डॉक्टर सौगात चौधरी को सीने में दर्द हुआ और उन्होंने जैसमिन से कहा कि वह अकेले ही यहां से आगे मंदिर चली जाए और वापस आ जाए और डॉक्टर ने वहीं ढाबे में विश्राम किया। शुक्रवार शाम को जैसमिन चूड़धार मंदिर में माथा टेक कर वापस आ गई। शनिवार तड़के डॉक्टर सौगात की तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। डॉ. सौगात चौधरी को जैसे-तैसे नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी संगड़ाह अनिल धोलटा ने डॉक्टर की मौत की पुष्टि की है।