पांवटा-गुम्मा हाईवे का 200 मीटर हिस्सा गिरी नदी में धंसा, सैकड़ों वाहनों में हजारों लोग फंसे
Pawanta Gumma Highway Blocked पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर रविवार सुबह अचानक दरारें आ गईं।
नाहन, जेएनएन। पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर रविवार सुबह अचानक दरारें आ गईं। करीब 11:30 बजे नेशनल हाईवे पर आई दरारे टूट कर करीब 200 मीटर हाईवे का हिस्सा गिरी नदी की ओर धंस गया। इस कारण सतौन के समीप 200 मीटर का हिस्सा नेशनल हाईवे से कई फीट नीचे जा पहुंचा। नेशनल हाईवे के दोनों तरफ वाहनों के पहिये थम गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नाहन नेशनल हाईवे मंडल के अधिशाषी अभियंता ने मौके का जायजा लिया। नेशनल हाईवे नाहन मंडल के अधिशाषी अभियंता अनिल शर्मा ने बताया सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, वहां पर देखा कि सतौन के समीप करीब 150 से 200 मीटर का हिस्सा लगातार धंस रहा है। साथ ही पहाड़ी से पत्थर भी गिर रहे हैं। जब तक यह हिस्सा धंसना बंद नहीं होगा, तब तक मार्ग को बहाल करने का कार्य नहीं किया जा सकता, क्योंकि ऊपर से भारी भरकम पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में कोई भी घटना घटित हो सकती है। वैकल्पिक मार्ग के तौर पर सतौन के समीप से गिरी नदी में होते हुए करीब एक किलोमीटर का मार्ग बनाने का प्रयास किया जा रहा है। देर शाम तक ही छोटे वाहनों के लिए गिरी नदी से होते हुए मार्ग बहाल किया जाएगा।