नाहन में बवाल मचाने वालों पर पुलिस का एक्शन, हिंसा फैलाने पर 6 दिन बाद 11 लोग गिरफ्तार
नाहन में 23 अक्टूबर को हुए दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प और पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

नाहन शहर में हुए विवाद पर पुलिस ने 11 लोग गिरफ्तार किए हैं।
HighLights
नाहन हिंसा में 11 लोगों की गिरफ्तारी।
पुलिसकर्मियों सहित दोनों पक्षों के लोग घायल हुए।
एसपी सिरमौर ने शांति बनाए रखने की अपील की।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में नाहन शहर के वाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को दो समुदायों के बीच हुए विवाद के दौरान पथराव एवं हिंसक झड़प पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डिटेन किए 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में पुलिस कर्मियों सहित दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए थे और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा था।
उक्त घटना के संबंध में नाहन पुलिस की ओर से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एवं आगामी कार्रवाई तेज की गई। जांच के दौरान घटना में संलिप्त पाए गए 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
वाल्मीकि बस्ती से गिरफ्तारी
इसमें 37 वर्षीय वासु निवासी मकान नंबर 452 वाल्मीकि बस्ती, 29 वर्षीय शिवराज मकान नंबर 185/13 वाल्मीकि बस्ती, 31 वर्षीय विधा सागर उर्फ राहुल, 19 वर्षीय आर्यन मकान नंबर 293/13 नाहन, आर्यवीर उर्फ आदि मकान नंबर 260/13 सभी निवासी वाल्मिकी मोहल्ला नाहन जिला सिरमौर के निवासी हैं।
गोबिंदगढ़ मोहल्ला से इनकी गिरफ्तारी
वही 24 वर्षीय प्रकाश सिंह उर्फ बादल निवासी मकान नंबर 85/13 मोहल्ला गोबिंदगढ़ नाहन, 24 वर्षीय कुलविन्द्र सिंह उर्फ खोजु मकान नंबर 136/13, 21 वर्षीय सुखविन्द्र सिंह उर्फ गप्पु मकान नंबर 345/13, 27 वर्षीय गुरजीत सिंह उर्फ गुजु, 19 वर्षीय तेजपाल सिंह उर्फ तेजु मकान नंबर 13/13 और 21 वर्षीय सोहन सिंह पुत्र कुलबीर सिंह मकान न0 93/13 सभी निवासी मोहल्ला गोबिंदगढ़ नाहन को गिरफ्तार किया गया है।
क्या कहना है एसपी सिरमौर का
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस की ओर से मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना से संबंधित उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
भाईचारा बनाए रखने की अपील
जिला पुलिस सिरमौर आम जनता से अपील करती है कि क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और न ही अपुष्ट अथवा भड़काऊ सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
