नाहन के पैरा कमांडो नायब सूबेदार अनिल को मिला शौर्य चक्र
Shaurya Chakra. हिमाचल में नाहन के पैरा कमांडो नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया को शौर्य चक्र मिला है।
जागरण संवाददाता, नाहन। 36 घंटे तक एलओसी पर बिना किसी हलचल के दुश्मन पर निगरानी करने के बाद पलक झपकते ही तीन आतंकियों को मारने वाले नाहन के पैरा कमांडो नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया को मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शैर्य चक्र से नवाजा।
चार दिसंबर, 2017 की का जम्मू-काश्मीर के लाइन ऑफ कंट्रोल पर तैनात भारतीय सेना की एक टुकड़ी को सीमा पार से आतंकी लॉचिंग पैड पर घुसपैठ करने के की जानकारी मिली थी। भारतीय सेना के खुफिया तंत्र व टारगेट की जानकारी हासिल करने के बाद मेजर कृष्ण सिंह रावत के नेतृत्व में सेना की टुकड़ी ने आतंकी गतिविधियों का अवरोधन करना शुरू कर दिया। नाहन के पैरा कमांडो नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया की तैनाती असाधारण व मुश्किल क्षेत्र में थी। अन्य जवानों के साथ दहिया लगभग 100 मीटर तक रेंगते हुए आगे बढ़े। इसी जगह पर आतंकियों ने छिपने का ठिकाना बनाया हुआ था। दृढ़ संकल्प व सतर्कता से नायब सूबेदार दहिया ने 36 घंटे तक पहले आतंकियों की गतिविधियों पर निगरानी की। इसी दौरान पांच आतंकियों की मूवमेंट को देखा। बहादुरी का परिचय देते हुए दहिया ने तीन आतंकियों को अकेले ही ढेर कर दिया। अदम्य साहस व बहादुरी के साथ-साथ कनिष्ठ लीडरशिप के लिए उदाहरण पेश करने पर नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया को शौर्य चक्र से नवाजा गया।
नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया परिवार के साथ।
कार्यक्रम में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया की शौर्य गाथा को ध्यानपूर्वक सुना। भारतीय सेना में पैरा कमांडो को जांबाजी के लिए पहचाना जाता है। काश्मीर में उड़ी सर्जिकल स्ट्राइक के कमांडो भी नाहन के स्पेशल फोर्सिज ट्रेनिंग स्कूल ने तैयार किए थे। मंगलवार सुबह जब नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया को दिल्ली में शौर्य चक्र मिला, तो नाहन शहर में उनकी ससुराल में बधाई देने वाले लोगों का तांता लग गया। वर्ष 2018 में भारत सरकार ने 14 जांबाजों को शौर्य चक्र प्रदान करने का एलान किया था। इसी में नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया भी शामिल थे। नाहन में नायब सूबेदार अनिल कुमार दहिया के साले राकेश खन्ना ने बताया कि पूरा परिवार आज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि नायब सूबेदार का काफी समय नाहन में ही बीता है। हाल ही में नायब सूबेदार अनिल दहिया की पोस्टिंग सरसवा-यमुनानगर में हुई है।
नाहन के दामाद है अनिल दहिया
जेसीओ अनिल कुमार दहिया नाहन शहर के मियां का मंदिर के समीप रहने वाले बृजभूषण खन्ना के दामाद हैं। अनिल दहिया मूलत हरियाणा राज्य के सोनीपत निवासी हैं। नाहन के दामाद को मिले इस वीरता के सम्मान से जिला सिरमौर गर्व महसूस कर रहा है। अनिल कुमार दहिया के साले राकेश खन्ना ने इस खुशी का इजहार नाहन शहर मेें लड्डू व मिठाई बांटकर किया।