विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NDA का सहयोगी दल हिमाचल में सभी 68 विधानसभा सीटों पर लड़ेगा चुनाव, नाहन में राष्ट्रीय महासचिव ने किया एलान

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 08 Oct 2026 02:03 PM (IST)

लोक जनशक्ति पार्टी (NDA सहयोगी) हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र ...और पढ़ें

नाहन में मीडिया से बात करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी के नेता। जागरण

नाहन में मीडिया से बात करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी के नेता। जागरण

HighLights

  1. लोजपा हिमाचल की सभी 68 विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव।

  2. पार्टी ने सुक्खू सरकार की नीतियों पर उठाए गंभीर सवाल।

  3. नाहन में स्टील प्लांट जैसे पुराने मुद्दों को फिर उठाया।

जागरण संवाददाता, नाहन। एनडीए की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर अपना प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूत करते हुए नए विजन के साथ आगे बढ़ेगी। यह बात लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र कुमार और प्रभारी हिमाचल प्रदेश विधुरी ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के अवसर नाहन में कही।

सुक्खू सरकार पर निशाना

विधुरी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल की वर्तमान स्थिति किसी से छिपी नहीं है। प्रदेश के प्रवेशद्वार कालाअंब से नाहन तक सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल में नए विजन के साथ काम करेगी और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

प्रभावी खेल नीति का अभाव

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति संतोषजनक नहीं है। खेल क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल में खिलाड़ियों के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी खेल नीति का अभाव है, जिसके कारण प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। पार्टी सत्ता में आने पर खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ठोस नीतियां बनाने पर जोर देगी।

नाहन में लगाया जाना था स्टील प्लांट

विधुरी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के तत्कालीन विधायक स्व. सदानंद चौहान के कार्यकाल में नाहन के लिए स्टील प्लांट लाने की पहल की गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार ने इस प्लांट को नाहन के बजाय कांगड़ा भेज दिया। यदि यह स्टील प्लांट नाहन में स्थापित होता, तो क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते थे और नाहन में बेरोजगारी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती थी।

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल के विकास और युवाओं के रोजगार के लिए गंभीरता से कार्य करेगी तथा क्षेत्र से जुड़े पुराने लंबित मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

पिता के सपने को साकार करने का प्रयास करेंगे नितिन चौहान

प्रेस वार्ता के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता एवं पार्टी के पूर्व विधायक स्व. सदानंद चौहान के सपनों को साकार करने के लिए नाहन सहित पूरे प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रसाद भी वितरित किया गया।

यह भी पढ़ें: 'होली लॉज को डिसलॉज करने की सोच बिल्कुल सही नहीं', प्रतिभा सिंह के बयान के बाद जयराम ठाकुर का CM पर निशाना