विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'होली लॉज को डिसलॉज करने की सोच बिल्कुल सही नहीं', प्रतिभा सिंह के बयान के बाद जयराम ठाकुर का CM पर निशाना

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 08 Oct 2026 01:26 PM (IST)

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर ...और पढ़ें

मंडी में भाजपा के कार्यक्रम में संबोधित करते नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर।

मंडी में भाजपा के कार्यक्रम में संबोधित करते नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर।

HighLights

  1. सीएम सुक्खू पर होलीलॉज के अपमान का आरोप लगाया।

  2. प्रतिभा सिंह के बयान से कांग्रेस की गुटबाजी उजागर हुई।

  3. राहुल गांधी के चुनाव आयोग विरोध प्रदर्शन की निंदा की।

जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को शायद ऐसा लगता है कि वे होलीलॉज को डिसलॉज करने में पूरी तरह सफल रहे हैं, लेकिन उनकी यह सोच बिल्कुल सही नहीं है जिस नेता का हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास में विशेष योगदान रहा हो, उन्हें इस प्रकार से भुला देना और उनका निरंतर निरादर करना केवल और केवल कांग्रेस पार्टी की ही संकीर्ण संस्कृति हो सकती है।

कांग्रेस की गुटबाजी उजागर

उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की हालिया बयानबाजी के बाद कांग्रेस के भीतर जारी भीषण गुटबाजी अब पूरी तरह से सतह पर आ चुकी है और साफ नजर आ रही है। मुख्यमंत्री अक्सर भाजपा के अंदर गुट गिनाते रहते हैं, लेकिन आज वे खुद अपने भीतर झांककर देख लें कि कांग्रेस में एक नहीं बल्कि अनगिनत गुट पैदा हो चुके हैं तथा पार्टी के नेतृत्व को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

गांधी परिवार संविधान से ऊपर नहीं

इसके अलावा दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है, इसलिए कांग्रेस नेताओं को देश में अराजकता का माहौल खड़ा करने से पूरी तरह बाज़ आना चाहिए और संवैधानिक पदों का सम्मान करना सीखना चाहिए। 

राहुल गांधी पड़ोसी के हालात से प्रभावित

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राहुल गांधी पड़ोसी देश बांग्लादेश के वर्तमान राजनीतिक हालात से बहुत ज्यादा प्रभावित हैं और उन्हें यह गलतफहमी हो गई है कि देश में अराजकता फैलाकर चुनी हुई सरकार को गिराया जा सकता है, लेकिन वे बहुत बड़ी गलतफहमी में जी रहे हैं।

मंडी में भाजपा का कार्यक्रम

वीरवार को मंडी के इंदिरा मार्केट पार्क में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित "सेवा के रंग, राष्ट्र के संग" रंगोली कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इसके उपरांत आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक में भी शिरकत की। इस अवसर पर मंडी के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह, विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, मंडी नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा सहित कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

यह भी पढ़ें: 'वीरभद्र नाम से राजनीतिक पार्टी बनाने की कोशिश नामंजूर', प्रतिभा सिंह ने चुनाव आयोग को पत्र भेज 4 शब्दों पर जताई आपत्ति