डॉ. जगतराम तोमर पद्मश्री से सम्मानित
शनिवार को राष्ट्रपति भवन दिल्ली में जिला सिरमौर के राजगढ़ निवासी व उत्तर भारत के सर्वोच्च स्वास्थ्य संस्थान पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. जगतराम तोमर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने पदम्श्री पुरस्कार से सम्मानित किया।
संवाद सूत्र, राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ निवासी व पीजीआइ चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. जगतराम तोमर को पद्मश्री से नवाजा गया है। शनिवार को राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें सम्मानित किया। डॉ. तोमर पीजीआइ में बतौर नेत्र चिकित्सक 39 साल से सेवाएं दे रहे हैं। वह बच्चों में सफेद मोतिया के अभी तक 10 हजार से अधिक सफल ऑपरेशन कर चुके हैं और व्यस्कों के एक लाख के करीब सफल ऑपरेशन किए हैं। डॉ. तोमर चेरिटेबल ट्रस्ट व्यास में भी सेवाएं दी हैं। उन्हें वर्ष 2013, 16 व 18 में अमेरिका में कठिन आंखों के ऑपरेशन करने पर पुरस्कृत किया गया है।
पीजीआइ चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. जगतराम तोमर राजगढ़ के समीप पबियाना के साथ लगते गांव पटाड़िया निवासी हैं। उनका जन्म 17 अक्टूबर 1956 को एक गरीब परिवार में हुआ था। इनके पिता ध्यानुराम किसान हैं। डॉ. जगतराम 10 भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर हैं।