HRTC में टायरों की कमी से अड्डे पर खड़ी हो गई बसें, नाहन डिपो में 10 रूट ठप; यात्री करते रहे गाड़ी का इंतजार
नाहन डिपो में टायरों की कमी के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम की करीब 12 बसें खड़ी हो गई हैं, ...और पढ़ें

नाहन डिपो में टायरों की कमी से एचआरटीसी बसें खड़ी हो गई हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नाहन डिपो में टायरों की भारी कमी।
करीब 12 बसें खड़ी, 10 से अधिक रूट ठप।
यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल पथ परिवहन निगम में एक समय तक कमाऊ पूत कहलाने वाला जिला सिरमौर का एकमात्र नाहन डिपो अब बदहाली के दौर से गुजर रहा है। आलम यह है कि तीन दिन से एचआरटीसी की करीब 12 बसें टायरों की कमी के कारण खड़ी हो गई हैं। इस कारण करीब 10 से अधिक रूट बंद हैं, जबकि दो दर्जन रूटों को अन्य के साथ क्लब कर चलाया जा रहा है। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री स्टॉपेज पर बसों का इंतजार करते रहे।
रोजाना 10 से 15 बसें पहुंच रहीं वर्कशॉप
एचआरटीसी नाहन डिपो पिछले कुछ वर्षों से लगातार यात्रियों की परेशानियों का सबब बन गया है। कभी डिपो में डीजल की कमी हो जाती है, कभी स्पेयर पार्ट नहीं मिलता है। इस कारण डिपो की बसें किसी न किसी रूट पर हर रोज खराब हो रही हैं। करीब 10 से 15 बसें हर रोज मरम्मत के लिए वर्कशॉप में खड़ी होती हैं।
तो पूरी तरह थम जाएंगे पहिये
वही प्रदेश सरकार तथा निगम प्रबंधन नाहन डिपो को स्पेयर पार्ट और टायर भी लंबे समय उपलब्ध नहीं करवा रही है। वही अब पिछले एक सप्ताह से नाहन डिपो में टायरों की भारी कमी चल रही है। आने वाले कुछ और दिनों तक टायरों की कमी के कारण बसों के पहिये पूरी तरह से थम जाएंगे।
बसों के रूट बंद होने से स्कूल, कॉलेज तथा ऑफिस जाने वाले लोगों के साथ साथ अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ई-बसें भी वापस ले लीं
बता दें कि प्रदेश सरकार ने नाहन डिपो को ई डिपो बनाने की घोषणा भी की थी। जिसके तहत नाहन डिपो को 25 बसें मिली थी। जिसके बदले में प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन ने 17 बसें नाहन डिपो वापस लेकर प्रदेश के दूसरे डिपो को भेज दी। एक बार फिर नाहन डिपो में बसों की भारी कमी हो गई है।
क्या कहते हैं अधिकारी
नाहन डिपो के उपमंडल प्रबंधक रामदयाल का कहना है कि टायरों की कमी के कारण 11 बसें खड़ी हैं, जल्द ही टायर मिलने पर सभी रूट बहाल कर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के लाखों कर्मचारियों को DA किस्त मिलने की बढ़ी उम्मीद, वित्त विभाग के पास पहुंची फाइल
