विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Himachal Election: शिलाई सिरमौर जिला का एकमात्र क्षेत्र जहां पर पिछले 65 वर्षों से राजपूतों का दबदबा

By Jagran NewsEdited By: Richa Rana
Published: Sat, 29 Oct 2022 04:21 PM (IST)

जिला सिरमौर के 5 विधानसभा क्षेत्रों में से शिलाई क्षेत्र ऐसा क्षेत्र है जहां पर पिछले 65 वर्षों से समुदाय ...और पढ़ें

शिलाई में पिछले 65 वर्षों से राजपूत समुदाय के विधायकों का दबदबा रहा है।
शिलाई में पिछले 65 वर्षों से राजपूत समुदाय के विधायकों का दबदबा रहा है।

नाहन, राजन पुंडीर। जिला सिरमौर के 5 विधानसभा क्षेत्रों में से शिलाई क्षेत्र ऐसा क्षेत्र है जहां पर पिछले 65 वर्षों से राजपूत समुदाय के विधायकों का दबदबा रहा है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 7 बार गुमान सिंह ठाकुर विधायक रहे हैं। जबकि 5 बार इनके पुत्र हर्षवर्धन चौहान विधायक हैं। इसके अतिरिक्त यहां पर दो बार बीजेपी के विधायक बने हैं, यह दोनों विधायक भी राजपूत समुदाय से ही रहे है। 1957 से लेकर 1985 तक कांग्रेस पार्टी के टिकट पर ठाकुर गुमान सिंह शिलाई विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे तथा यह डाक्टर वाइएस परमार की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। 1990 में भारतीय जनता पार्टी पहली बार शिलाई विधानसभा क्षेत्र में जीती तथा यहां से जगत सिंह नेगी विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे। उसके बाद पूर्व मंत्री ठाकुर गुमान सिंह के पुत्र हर्षवर्धन चौहान 1993, 1998, 2003, 2007 व 2017 में पांचवी बार विधायक बने।

बलदेव सिंह तोमर भाजपा के दूसरे विधायक बने

वर्ष 2012 में बलदेव सिंह तोमर भाजपा के दूसरे विधायक बने। खास बात यह है कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र से एक ही परिवार कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रहा है। 7 बार पिता तथा पांच बार पुत्र शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 75653 मतदाता है, जिसमें पुरुष 41546 तथा महिलाएं 34106 व एक वोट थर्ड जेंडर का भी है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 102 पोलिंग बूथ हैं, जिसमें 91 सामान्य, 6 संवेदनशील तथा 5 अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।

शिलाई में13 हजार के करीब ओबीसी तथा 42 हजार के करीब की आबादी राजपूत समुदाय की

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के तहत 58 पंचायतों में करीब 20,000 की आबादी अनुसूचित जाति, 13 हजार के करीब ओबीसी तथा 42 हजार के करीब की आबादी राजपूत समुदाय की है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र से आज तक राजपूत समुदाय के ही लोग विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं। 16वी. विधानसभा के लिए शिलाई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के हर्षवर्धन चौहान, भाजपा के बलदेव सिंह तोमर, आम आदमी पार्टी के नाथूराम चौहान तथा राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के सुरेश शर्मा चुनावी मैदान में हैं।

ये भी पढ़ें: HPBOSE Final Exam: हिमाचल के शीतकालीन स्‍कूलों में नवंबर में होंगी वार्षिक परीक्षाएं, 10 तक देनी होगी रिपोर्ट