पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आता था चिट्टा, सिरमौर पुलिस ने भारत-पाक सीमा से दबोचा मुख्य तस्कर
सिरमौर पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए चिट्टा तस्करी करने वाले मुख्य आरोपी उमर बीर सिंह को भारत-पाक सीमा के पास तरनतारन से गिरफ्तार किया है।

294 ग्राम हेरोइन से खुला पाक कनेक्शन।
HighLights
सिरमौर पुलिस ने मुख्य चिट्टा तस्कर उमर बीर सिंह को गिरफ्तार किया
पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत में चिट्टा तस्करी होती थी
तरनतारन, पंजाब से भारत-पाक सीमा के पास हुई गिरफ्तारी
जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर की कालाअंब पुलिस ने 294 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुई जांच को आगे बढ़ाते हुए कथित अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र तरनतारन से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों में इस नेटवर्क की कड़ी पाकिस्तान सीमा तक पहुंची है और नशा ड्रोन के जरिए भारत पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि ये मामला 11 अप्रैल 2026 से जुड़ा है। कालाअंब थाना पुलिस ने 294 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर आकाशदीप और रणजीत को गिरफ्तार किया था। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक गंधर्व थापर को पंचकूला से हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिट्टा सप्लाई की कड़ी पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र तरनतारन तक पहुंची। इसके बाद पुलिस टीम 17 मई को तरनतारन पहुंची, जहां से वीरेंद्र पाल को गिरफ्तार किया गया था।
वीरेंद्र पाल से पूछताछ में पुलिस के सामने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए चिट्टा भारत पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस का कहना है कि इसके बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्कर इस नशीले पदार्थ को आगे सप्लाई करते थे।
जांच में खुले कई राज
जांच को आगे बढ़ाते हुए इस नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी उमर बीर सिंह (34) पुत्र हरदयाल सिंह निवासी गांव छिन्ना विधिचंद तहसील व जिला तरणतारण पंजाब का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस थाना कालाअंब के एसएचओ कुलवंत सिंह कंवर की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें साइबर सेल सिरमौर को भी शामिल किया गया।
जिला सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने लगातार तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर काम करते हुए आरोपी उमर बीर सिंह को पाकिस्तान सीमा के पास तरनतारन पंजाब से धर दबोचा। एएसपी ने स्पष्ट किया कि इस मुख्य गिरफ्तारी के साथ ही सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के इस बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की कड़ियों को तोड़ते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।
आरोपी को पाकिस्तान सीमा से किया गिरफ्तार
उन्होंने दोहराया कि सिरमौर पुलिस जिले में अपराध और नशे के खातमे के लिए अपनी मुहिम को आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती से जारी रखेगी। पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए उमर बीर सिंह को पाकिस्तान सीमा के पास तरनतारन से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है। जांच का फोकस नशे की सप्लाई के स्रोत, इससे जुड़े अन्य लोगों और चिट्टे को आगे पहुंचाने वाले नेटवर्क की पहचान पर है। सिरमौर पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
