विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में आफत की बारिश: पांवटा साहिब में देहरादून-चंडीगढ़ हाईवे पर जलभराव, नाहन में बह गए बाइक व स्कूटर

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 04 Aug 2026 02:09 PM (IST)Updated: Tue, 04 Aug 2026 03:18 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने आफत बढ़ा दी है, जिससे सिरमौर जिले में जलभराव और यातायात बाधित हुआ। पांवटा ...और पढ़ें

पांवटा साहिब में चंडीगढ़-देहरादून हाईवे पर जलभराव।

पांवटा साहिब में चंडीगढ़-देहरादून हाईवे पर जलभराव।

HighLights

  1. सिरमौर में भारी बारिश से जलभराव, यातायात बाधित।

  2. पांवटा साहिब हाईवे पर पानी भरने से विरोध प्रदर्शन।

  3. नाहन में तेज बहाव से स्कूटर-मोटरसाइकिल बह गए।

जागरण टीम, नाहन। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने आफत बढ़ा दी है। जिला सिरमौर में 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश हुई है। इस कारण कई जगह जलभराव हो गया है। पांवटा साहिब में देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे जलभराव के कारण तालाब बन गया है। ड्रेन बंद होने से बारिश का पानी लोगों के घरों तथा दुकानों में घुस गया है। 

लोगों ने नेशनल हाईवे व नगर परिषद का विरोध करते हुए बीच सड़क में गाड़ियां खड़ी कर दी। सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। इस कारण हाईवे से सफर कर रहे लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ा। 

नाहन हाईवे पर दोपहिया वाहन बहे

नाहन से कुमारहट्टी शिमला की ओर जाने वाला नेशनल हाईवे-907ए करीब तीन घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। आईटीआई से कार्मल स्कूल और इंटरलॉक टाइल वाले बड़े मोड़ तक हाईवे पर नदी जैसे हालात बन गए। तेज बहाव के कारण सड़क किनारे खड़े स्कूटर और मोटरसाइकिल भी बह गए, जबकि कई कारों के भीतर तक पानी घुस गया। 

संकरी नाली बनी आफत

स्थानीय निवासी विनोज शर्मा ने बताया कि सड़क पर जलभराव की मुख्य वजह बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था का अभाव है। खंड विकास अधिकारी कार्यालय से इंटरलॉक टाइल वाले मोड़ तक केवल एक संकरी नाली बनाई गई है, जो बारिश के दौरान कचरे से भरकर पूरी तरह चोक हो गई। इसके अलावा, जहां बरसाती पानी की निकासी के लिए कलवर्ट बनाए जाने चाहिए थे, वहां छोटे पाइप डाल दिए गए हैं, जो तेज बहाव के सामने नाकाफी साबित हुए।

निकासी न होने से हाईवे बना नाला

निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण भारी मात्रा में बारिश का पानी सीधे हाईवे से होकर बहने लगा। पानी का बहाव इतना तेज था कि लोगों को ऐसा महसूस हुआ मानो क्षेत्र में बादल फट गया हो। इस दौरान कई वाहन चालक बीच रास्ते फंस गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भूस्खलन से संपर्क सड़कें बंद

भारी बारिश के कारण जिलेभर में कई जगह भूस्खलन की घटनाएं भी हुई हैं। इस कारण कई संपर्क मार्ग भी बंद पड़ गए हैं।

यह भी पढ़ें: सेल्फी लेते पांव फिसलने से ब्यास नदी किनारे गिरी लड़की, सुजानपुर पुलिस व दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत से की रेस्क्यू 

यह भी पढ़ें: सिरमौर जिले में नदियों किनारे निर्माण पर एनजीटी का संज्ञान, पर्यावरणीय उल्लंघन पर DC को कार्रवाई का आदेश