हिमाचल की पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा का पंचकूला के निजी अस्पताल में निधन, पाई गईं कोरोना पॉजिटिव
Shyama Sharma Passed Away हिमाचल प्रदेश की पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा का 70 वर्ष की आयु में पंचकूला के एक निजी अस्पताल सोमवार सुबह निधन हो गया। पूर्व मंत्री कुछ समय से अस्वस्थ थीं व उन्हें दो दिन से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
नाहन, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश की पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा का 70 वर्ष की आयु में पंचकूला के एक निजी अस्पताल सोमवार सुबह निधन हो गया। पूर्व मंत्री कुछ समय से अस्वस्थ थीं व उन्हें दो दिन से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। श्यामा शर्मा तीन बार विधायक व एक बार मंत्री भी रहीं। उन्होंने शांता कुमार के साथ कई आंदोलनों में भाग लिया व जेल में भी रहीं। बताया जा रहा है पूर्व मंत्री की कोरोना जांच हुई थी, रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। लेकिन मौत के बाद किए गए कोविड टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
कोविड-19 नियमों के तहत पूर्व मंत्री का स्वास्थ्य व पुलिस विभाग की निगरानी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूर्व मंत्री के भतीजे ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
श्यामा शर्मा 1977 में शांता कुमार सरकार में मंत्री बनीं थीं। उन्होंने आपातकाल के दौरान जेल भी काटी। उन्होंने शादी नहीं की थी। श्यामा शर्मा को कुत्ते पालने का शौक था, उन्होंने विदेशी नस्लों के कुत्ते भी रखे थे।
यह भी पढ़ें: Shyama Sharma Passed Away: 22 साल की उम्र में शुरू किया था बड़ा आंदोलन, शांता कुमार के साथ रही थीं जेल में
श्यामा शर्मा को लगर्स में इन्फेक्शन और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। सोमवार तडक़े ही उन्हें नाहन मेडिकल कॉलेज से चंडीगढ़ रेफर किया गया था। श्यामा शर्मा नाहन से तीन बार विधायक 1977, 1982 व 1990 में रही। 1977 में वह तात्कालीन सरकार मेें पंचायती राज, खाद्य एवं आपूर्ति तथा विधि मंत्री रही। इसके बाद प्रेम कुमार धूमल की सरकार में राज्य योजना बोर्ड की उपाध्यक्ष भी रही। श्यामा शर्मा का जन्म 1948 में नाहन विस क्षेत्र के सरोगा टिक्कर गांव में हुआ था।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा के निधन पर शोक जताया है। सीएम ने कहा श्यामा शर्मा ने पार्टी और जनता की निस्वार्थ एवं समर्पण भाव से सेवा की है। भगवान उनकी दिवंगत आत्मा काे शांति प्रदान करे व परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे। इसके अलावा हिमाचल भाजपा के अन्य नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए दुख जताया है।
जेपी नड्डा ने भी जताया शोक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, किशन कपूर, राज्यसभा सदस्य इंदू गोस्वामी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल, सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल सहित समस्त पदाधिकारियों, विधायकों ने पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।