विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'CM सुक्खू पहले इस्तीफा दें, फिर प्रदर्शन करें', राजीव बिंदल का निशाना- चुनाव आयोग की वजह से ही हैं पद पर

By Manmohan Vashisht Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 13 Oct 2026 06:39 PM (IST)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में सीएम सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग के ...और पढ़ें

नाहन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल की अगुवाई में प्रदर्शन करते कार्यकर्ता। जागरण

नाहन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल की अगुवाई में प्रदर्शन करते कार्यकर्ता। जागरण

HighLights

  1. बिंदल ने सीएम सुक्खू से इस्तीफे के बाद प्रदर्शन की मांग की।

  2. कांग्रेस सरकार पर कर्ज, भ्रष्टाचार, महंगाई बढ़ाने के आरोप लगाए।

  3. चुनावी वादे पूरे न करने पर जनता अब जवाब मांग रही है।

जागरण संवाददाता, नाहन। चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करना है, तो पहले सुखविन्द्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें। इसी चुनाव आयोग द्वारा सम्पन्न करवाए गए चुनाव के बाद कांग्रेस सत्ता में आई और सुखविन्द्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सीएम सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धरने-प्रदर्शनों के बजाय जनहित के कार्यों पर ध्यान दें।

सरकार के कार्यकाल में अब एक वर्ष से भी कम समय बचा है और कई काम अधूरे हैं। नाहन में भाजपा की कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार पर कर्ज, भ्रष्टाचार, माफिया राज और आर्थिक बदहाली को लेकर आरोप लगाए।

कांग्रेस सरकार ने टैक्स और महंगाई बढ़ाए

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने टैक्स और महंगाई का बोझ बढ़ाया है, जबकि राजनीतिक नियुक्तियों और अपने चहेतों पर सरकारी खजाना खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली, सीमेंट, परिवहन और सरकारी सेवाओं की बढ़ती लागत से आम लोग परेशान हैं। 

जनता मांग रही जवाब

बिंदल ने महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की गारंटी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी वादे पूरे नहीं हुए और जनता अब सरकार से जवाब मांग रही है। इससे पूर्व भाजपा महिला मोर्चा समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध रैली भी निकाली और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं के पुतले जलाए

इस दौरान राहुल गांधी व कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के पुतले फूंके। बिंदल ने सांसद के खिलाफ यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया नहीं अपनाया जाना चाहिए। ये शिकायतों से जुड़े आरोप हैं, जिनकी जांच संबंधित तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा चुनाव लड़ने के दावे पर अनुराग ठाकुर की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- यह न पार्टी हित में और न मेरे