विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल विधानसभा चुनाव लड़ने के दावे पर अनुराग ठाकुर की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- यह न पार्टी हित में और न मेरे

By Rohit Nagpal Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 13 Oct 2026 05:59 PM (IST)

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने विधानसभा चुनाव लड़ने की भ्रामक सोशल मीडिया पोस्टों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ता के रूप में समर्पित हैं।

हिमाचल के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर। जागरण आर्काइव

हिमाचल के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. अनुराग ठाकुर ने विधानसभा चुनाव लड़ने की अफवाहों को भ्रामक बताया।

  2. सोशल मीडिया पर गलत खबरें फैलाने वालों को चेतावनी दी।

  3. कहा, वे भाजपा कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के प्रति समर्पित हैं।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने  उनके विधानसभा चुनाव लड़ने की भ्रामक पोस्टों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सांसद ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा है कि भाजपा में पद नहीं कार्यकर्ता का भाव सबसे महत्वपूर्ण है और मैं भी एक कार्यकर्ता के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत विजन का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए समर्पित हूं।

भाजपा के सिपाही के रूप में कार्यकर्ताओं से देश और प्रदेश के हित में कार्य करें ऐसी अपेक्षा रहती है, मगर यह देखना दुखद है कि कई लोग इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने व अनर्गल खबर चलाने का काम कर रहे हैं।

ऐसे लोगों से निवेदन है कि पार्टी लाइन का अनुसरण करते हुए अनुशासन में रहें और व्यक्तिगत रूप से मुझे लेकर इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने व अनर्गल खबर चलाने से बचें, क्योंकि यह न पार्टी के हित में है और न ही मेरे हित में है।

जनता ने 5वीं बार लोकसभा भेजा

उन्होंने कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ता के रूप में अपने दायित्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने में भरोसा रखता हैं और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता ने लगातार 5 बार भारी विश्वास के साथ लोकसभा में अपनी आवाज बनाकर भेजकर कृतार्थ किया है।

...अन्यथा कानूनी कार्रवाई होगी

उन्होंने उत्साही लोगों से निवेदन किया कि वह उनके बारे में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर किसी भी भ्रामक खबर को पोस्ट करने या फैलाने से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भाजपा परिवार के रूप में हम आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए कार्य करें ऐसी आपसे अपेक्षा है।

यह भी पढ़ें: शिमला लौटे CM सुक्खू को फिर दिल्ली का बुलावा, राहुल गांधी की हाई-टी में शामिल हुए मुख्यमंत्री; क्या रणनीति बनी?