विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला लौटे CM सुक्खू को फिर दिल्ली का बुलावा, राहुल गांधी की हाई-टी में शामिल हुए मुख्यमंत्री; क्या रणनीति बनी?

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 13 Oct 2026 04:32 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुक्खू शिमला पहुंचने के तुरंत बाद राहुल गांधी की हाई टी में शामिल होने के लिए दिल्ली लौट गए। इस बैठक में भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सुक्खू शिमला से दिल्ली लौटे, राहुल गांधी की हाई टी में शामिल।

  2. मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की रणनीति पर कांग्रेस नेताओं ने चर्चा की।

  3. कथित वोट चोरी के मुद्दे पर पार्टी राष्ट्रीय अभियान चला रही है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू मंगलवार सुबह हिमाचल लौटे और कुछ ही देर बाद दोबारा दिल्ली लौट गए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंडी गठबंधन के नेताओं, विपक्षी सांसदों, छात्र संगठनों को अपने घर चाय पर बुलाया। मुख्यमंत्री को जब यह संदेश मिला तब तक वह शिमला पहुंच चुके थे।

राहुल गांधी की हाई टी में शामिल होने के लिए फिर दिल्ली रवाना हुए। एक सप्ताह में उनका यह चौथा दिल्ली का दौरा है। मुख्यमंत्री कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की बैठकों में लगातार भाग ले रहे हैं।

कांग्रेस प्रदर्शन में शामिल हुए सुक्खू

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अभियान के बीच उनके दिल्ली दौरों ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ाई है। बीते सोमवार को मुख्यमंत्री दिल्ली में इंडी गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उनके साथ हिमाचल सरकार के मंत्री, कांग्रेस विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी इस बैठक में शामिल रहे। 

हाई-टी में बनी रणनीति

राहुल गांधी की हाई टी में कांग्रेस नेताओं ने आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चला रही है। कांग्रेस इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर कर चुकी है। ऐसे में बैठक में हुई चर्चा को अभियान की अगली रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और शीर्ष नेतृत्व की बैठकों में उनकी भागीदारी हिमाचल कांग्रेस की राष्ट्रीय गतिविधियों में सक्रियता को दर्शाती है।

काजा दौरे से पहले दिल्ली में व्यस्तता

मुख्यमंत्री को बुधवार सुबह लाहुल-स्पीति के काजा जाना है। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत वह रंगरिक गांव में लोगों से मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे। पूरा प्रशासनिक अमला भी इस दौरान वहां होगा। मुख्यमंत्री मौके पर ही जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। बुधवार रात ग्रामीणों के बीच ठहरने का भी कार्यक्रम है। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार करेगी खर्च में कटौती, मंत्री के काफिले से एक पायलट गाड़ी हटाने की तैयारी; कैबिनेट में हुई चर्चा