एचआरटीसी बसों में टांका मारने वाले आठ कंडक्टर किए चार्जशीट Sirmour News
एचआरटीसी की फ्लाइंग स्कवाड टीम ने जिला सिरमौर में आठ परिचालकोंं को टांका मारते हुए पकड़ा।
नाहन, राजन पुंडीर। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने टांका मारने वाले कंडक्टरों पर शिकंजा कसा है। हाल ही में एचआरटीसी की फ्लाइंग स्कवाड टीम ने जिला सिरमौर में आठ परिचालकोंं को टांका मारते हुए पकड़ा। टांका मारने वाले कंडक्टरों की चार्जशीट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिए हैं।
फ्लाइंग स्कवाड व आरएम नाहन द्वारा टांका मारते पकड़े गए आठ कंडक्टरों में सात नाहन व एक सोलन डिपो का है। कंडक्टरों ने दो-तीन सवारियों से पैसे तो लिए थे, मगर उन्हें टिकट नहीं दिया था। जब परिवहन निगम की फ्लाइंग स्कवाड टीम ने बसों में यात्रियों के टिकट चेक किए, तो अलग-अलग रूटों की आठ बसों में कुछ यात्रियों के पास टिकट नहीं पाई गई। जब इन यात्रियों से पूछा गया कि उन्होंने टिकट क्यों नहीं ली, तो उन्होंने बताया कंडक्टर को पैसे तो दिए थे, मगर उन्हें टिकट नहीं दी। जिस पर 8 कंडक्टरों के खिलाफ निगम ने विभागीय चार्जशीट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
बता दें कि इससे पहले भी फ्लाइंग स्कवाड, आरएम फ्लाइंग व निगम के इंस्पेक्टरों द्वारा ढाई महीने के लिए रखे गए प्रशिक्षु कंडक्टरों को टांका मारते हुए पकड़ा था। जिसमें नाहन डिपो के तहत फ्लाइंग इंस्पेक्टरों द्वारा 70 प्रशिक्षु कंडक्टरों को टांका मारते पकड़ा था, जिन्हें तत्काल हटा दिया गया था।
फ्लाइंग स्कवाड व बसों की चेकिंग के दौरान नाहन डिपो के सात व सोलन डिपो का एक कंडक्टर टांका मारते हुए पकड़ा गया। जिस पर सभी कंडक्टरों की चार्चशीट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिए हैं। -राशिद शेख, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी, नाहन।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप