शरीर को स्वस्थ रखने के लिए करें योग : सुखराम
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा है कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग करना बहुत जरूरी है।
जागरण संवाददाता, नाहन : ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा है कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए लोग कुछ समय निकाल कर योग अवश्य करें। ताकि वह स्वस्थ व सुखी जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन वास करता है। यदि लोग स्वस्थ रहेंगे तो भारत स्वस्थ रहेगा और यदि भारत वर्ष स्वस्थ रहेगा तो अवश्य ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रत्येक क्षेत्र में विश्व गुरु बनकर रहेगा। ऊर्जा मंत्री मंगलवार को नाहन चौगान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जा रहा है। योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा 21 जून को योग दिवस के रूप में आयोजित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि योग दिवस के रूप में भारत ने अपनी अलग पहचान बनाई है। हमारे ऋषि व मुनि विदेशों में जाकर लोगों को योग की शिक्षा प्रदान करते थे और आज पूरे विश्व ने योग के महत्व को पहचाना है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक डा. राजीव बिदल मौजूद रहे। उन्होंने ने कहा कि योग से शरीर व मस्तिष्क स्वस्थ रहते हैं और प्रतिदिन योग करने से हम अपने शरीर को बीमारियों से दूर रख सकते हैं। इसलिए फिट इंडिया कार्यक्रम में योग का महत्वपूर्ण स्थान है। व्यक्ति किसी भी आयु व किसी भी स्थिति में योग को अपनी शारीरिक क्षमताओं के अनुसार कर सकता है। इसलिए हमें योग आसन व प्राणायाम जीवन के हिस्से के रूप में स्वीकार करने चाहिए।
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम, पुलिस अधिक्षक ओमापति जम्वाल मौजूद रहे।