लाल किले पर दिखी सिरमौरी संस्कृति की झलक
गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के लालकिले पर भारत पर्व का आयोजन 26 जनवरी से 31 जनवरी तक किया गया।
राजगढ़, जेएनएन। गणतंत्र दिवस पर लाल किला दिल्ली में भारत पर्व का आयोजन 26 से 31 जनवरी तक किया गया। इसमें सिरमौर की आसरा संस्था के 15 कलाकारों ने भाग लिया। पर्व का शुभारंभ 26 जनवरी को सत्यजीत राजन डायरेक्टर जनरल पर्यटन मंत्रालय ने किया था। महोत्सव में 24 राज्यों के सांस्कृतिक दलों की सांझी प्रस्तुतियां लालकिला पर प्रतिदिन शाम सात से नौ बजे तक थ्री डी स्टेज पर दी गई।
आसरा संस्था के प्रभारी गोपाल हाब्बी ने बताया कि प्रतिदिन कार्यक्रम का आरंभ आसरा के कलाकारों द्वारा करनाल वादन से होता था। इसके बाद विभिन्न राज्यों से आए सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां शुरू होती थी। समारोह में आसरा संस्था के कलाकारों ने देश व विदेश के लोगों को हाटी संस्कृति से रूबरू करवाया। प्रस्तुतियों को राष्ट्रपति से सम्मानित साहित्यकार विद्यानंद सरैक व जोगेंद्र हाब्बी द्वारा तैयार किया था। संस्था के गायक धर्मपाल चौहान व रामलाल वर्मा, ढोलक वादक संदीप कुमार, करनाल वादक मुकेश कुमार, बांसुरी वादक कृष्ण लाल, नृतक जोगेंद्र, गोपाल, अमीचंद, चमन, मनमोहन, सरोज, अनुजा, लक्ष्मी सुनपति व प्रिया ने भाग लिया।