कश्मीर के नाम पर पच्छाद में वोट मांग रही भाजपा : मुकेश
प्रदेश सरकार पच्छाद में गत दो वर्षों के दौरान विकास कार्य को करवाने में विफल रही है।
संवाद सूत्र, राजगढ़ : प्रदेश सरकार पच्छाद में दो वर्ष के दौरान विकास कार्य को करवाने में विफल रही है। यही कारण है कि वह आज कश्मीर के नाम पर यहां वोट मांग रही है। यह आरोप नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को राजगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर काफी अनुभवी हैं। पच्छाद में जो विकास हुआ है, वह वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से मुसाफिर ने करवाया है।
अग्निहोत्री ने कहा कि सुरेश कश्यप यहां सात वर्ष तक विधायक रहे, ऐसे में उन्हें रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करना चाहिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर डबल इंजन की बात करते हैं, मगर वह बताएं कि केंद्र ने पच्छाद व प्रदेश को क्या दिया है। प्रदेश सरकार हर माह एक हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले रही है। डॉ. बिंदल ने उपचुनाव में भाग लेकर विधानसभा अध्यक्ष पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। यह मामला विधानसभा सत्र सहित राष्ट्रपति, राज्यपाल और लोकसभा के अध्यक्ष के समक्ष उठाया जाएगा। डॉ. बिंदल को यदि चुनाव में भाग लेने का शौक है तो वह अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दें।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव के दौरान पच्छाद की सड़कों पर लीपापोती हो रही है। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र ने प्रदेश के लिए कई राष्ट्रीय राजमार्ग स्वीकृत किए थे। इनमें से चार पच्छाद के लिए बताए जा रहे थे, लेकिन आज तक यह घोषणाएं पूरी नहीं हुई। केंद्र के एक मंत्री ने हरिपुरधार के प्रवास के दौरान हाटी समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की घोषणा की थी, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। सरकार ने दो साल में यहां काम करवाया होता, तो उपचुनाव में मंत्रियों की फौज नहीं उतारनी पड़ती। लोगों को अनेक प्रकार के प्रलोभन दिए जा रहे हैं और सरकारी मशीनरी का डटकर दुरुपयोग किया जा रहा है।