आमदनी बढ़ाने के लिए शून्य लागत खेती अपनाएं किसान
प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान, शून्य लागत खेती अभियान के अंतर्गत रविवार को शिविर लगाया गया।
जागरण संवाददाता, नाहन : प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान, शून्य लागत खेती अभियान के अंतर्गत रविवार को नाहन में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में नाहन विकास खंड की करीब 34 ग्राम पंचायतों के 125 किसानों ने भाग लिया। विषयवाद कार्यालय कृषि विभाग नाहन की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में किसानों को कम लागत में ज्यादा पैदावार देने व घर पर ही कम लागत में खाद तैयार करने की विधियों और इसके प्रयोग के बारे में जानकारी प्रदान की गई। एसएमएस नाहन बलदेव चंद्र, एडीओ ऋषि ठाकुर व सहायक कृषि विकास अधिकारी तेजवीर ठाकुर ने किसानों को शून्य लागत खेती के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी प्रदान की। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसान घर पर ही 10 किलोग्राम गोबर, 10 लीटर गोमूत्र, एक किलोग्राम गुड़, एक किलोग्राम बेसन व पीपल या अन्य किसी पेड़ के नीचे से मिट्टी लेकर यह खाद तैयार कर सकते है। 200 लीटर टकी में यह खाद बनाकर पांच बीघा जमीन में इसका प्रयोग किया जा सकता है। इस दौरान सभी किसानों तक शून्य लागत खेती की जानकारी पहुचाने के लिए किसानों के बीच से ही मास्टर ट्रेनर तैयार करने का निर्णय भी लिया गया।