बारिश ने बढ़ाई मुश्किल, तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट
रविवार देर शाम अचानक हुई बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार सुबह से लेकर शाम होने तक मौसम का नजारा अचानक बदल गया। दिनभर खिली धूप के बाद अचानक तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट होने लगी।
संवाद सहयोगी, ऊना : रविवार देर शाम अचानक हुई बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार सुबह से लेकर शाम होने तक मौसम का नजारा अचानक बदल गया। दिनभर खिली धूप के बाद अचानक तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट होने लगी। लोग गर्म कपड़े में बारिश से बचने की जुगत लगाते दिखे। बारिश के बीच लोगों को बाहर निकलते समय समझ में नहीं आ रहा था कि गर्म कपडे़ पहनें या रेन कोट या फिर ठंड के इस मौसम में अलग से छतरी लेकर चलें।
कहीं-कहीं अचानक बदले मौसम बाद लोग आग जलाने की व्यवस्था करके ठंड से बचने की जुगत लगा रहे थे। सुबह-शाम की धूप के बाद अचानक बारिश ने मौसम को बेहद सर्द बना दिया। दिनभर की तपिश ने लोगों को जो राहत दी थी, वह शाम ढलते-ढलते सर्द और ठिठुरन में बदल गई। लगातार हो रही बूंदाबांदी से क्षेत्र में ठंड काफी बढ़ गई है जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। तापमान में लगातार गिरावट के बाद बढ़ रही ठंड के कारण लोग परेशान हैं।
रविवार से एक दिन पहले के मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान में भी एक अंक की गिरावट दर्ज हुई। रविवार को जिला में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को बेशक दिनभर धूप खिली हुई थी मगर बीच-बीच में बादल भी अपना रंग दिखाते रहे। सर्द हवाएं रह रह-कर गुनगुनी धूप के आनंद में खलल पैदा करती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन में सर्दी और ठिठुरन लोगों के लिए मुश्किल पैदा कर सकती है।
अचानक हुए मौसम में बदलाब के बाद बारिश की फुहारों ने जिला में सर्दी को बढ़ा दिया है। लोग गर्म कपड़ों से पैक होकर बाहर छतरी लेकर आवाजाही करते नजर आए। मौसम समन्वयक के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान में इस बारिश के बाद भारी कमी दर्ज होने की उम्मीद है। सावधान : मौसम का बदलाव बिगाड़ सकता है सेहत
रविवार को हुई बारिश व बदलता मौसम सेहत के लिए हानिकारक है। हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण सांस के रोगियों को ज्यादा समस्या हो सकती है। ऐसे में सुबह की सैर के लिए निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ अस्वस्थ लोग ऐसे मौसम में ज्यादा सावधानी बरतें। वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक डा. राजेश का कहना है कि वैसे तो अभी सूखी ठंड जैसे हालात नहीं हैं, लेकिन जैसा मौसम रविवार को रहा, उसमें बच्चों की देखरेख की जरूरत है। उन्हें ठंडी चीजों से दूर रखें। इस मौसम में बच्चे खांसी और जुकाम के जल्द शिकार हो जाते हैं। किसानों को बंधी उम्मीद
ऊना में देर शाम हुई बारिश से किसानों को भी गेंहू की फसल की सिचाई को लेकर उम्मीद बंधी है। अगर बारिश ने अपना रंग और दिखा दिया तो यकीनन अब तक बारिश की राह ताक रही गेंहू की फसल के लिए यह संजीवनी साबित होगी। किसानों में करनैल सिंह, उजागर सिंह ने बताया कि बारिश तो हुई है, लेकिन यह अभी कम है। आशा है कि रविवार रात और सोमवार सुबह और बारिश से होगी। इस तरह बदला तापमान
तारीख,अधिकतम,न्यूनतम
5 दिसंबर,29,11
6 दिसंबर,25.2,10.6
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)