पहाड़ी से पत्थर गिरने पर युवक की मौत
प्रदेश में वीरवार को जमकर बारिश हुई से जहां नदियों का जल स्तर बढ़ा गया वहीं दूसरी ओर खड्ड और नाले भी उफान पर है। मौसम विभाग ने वीरवार को भारी बारिश चेतावनी स्टीक साबित हुई। भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में दुकानों और घरों में बारिश का पानी और मलवा भी घुस गया।
जागरण टीम, शिमला/मनाली : हिमाचल में वीरवार को भारी बारिश हुई। इससे नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही खड्डें व नाले भी उफान पर आ गए। भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में दुकानों व घरों में पानी व मलवा घुस गया। कुल्लू जिला की उपतहसील सैंज के बाइला गांव में पहाड़ी से पत्थर गिरने से 20 वर्षीय सोमनाथ पुत्र किशोरी लाल की मौत हो गई।
सोमनाथ गाय चराने के लिए गांव के निकट गया था। उस दौरान उस पर पहाड़ी से पत्थर गिर गया। वहीं, ब्यास नदी में आई बाढ़ में सोलंगनाला गांव का अस्थायी पुल बह गया। इससे गांव के लगभग 400 लोगों का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट गया। सोलंगनाला में कई साल से पुल बन रहा है लेकिन एक साल से इसका कार्य बंद है। उधर, जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में नदी नाले उफान पर रहे। जिगजिग बार के पास नाले में आई बाढ़ से मनाली-लेह मार्ग पर 18 घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। पानी अधिक होने के कारण बीआरओ को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। पानी कम होने के बाद बीआरओ ने सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। मार्ग बंद होने से मनाली से लेह जा रहे कई वाहन दारचा में फंसे रहे जबकि वाहनों में लेह से मनाली आ रहे लोग जिगजिगबार में सड़क बहाली का इंतजार करते रहे।
उधर, मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौंतड़ा के नजदीक पेड़ गिरा। इस कारण तीन घंटे राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कोटरोपी-चुक्कू-खजरी मार्ग पर देवधार के पास जगह-जगह भूस्खलन हुआ व चट्टानें गिरीं। इससे मार्ग खतरनाक हो गया है। वीरवार को अवरुद्ध मार्ग को बहाल करती बार पत्थर गिरते रहे। इससे कई लोग बाल बाल बचे। घटासनी-बरोट राजमार्ग पर झटिगरी के निकट कुफरधार में भूस्खलन हुआ। शिमला जिला के मशोबरा में एक घर में मलबा घुस गया। मकान में रह रहे लोग काफी मशक्कत के बाद बाहर निकल पाए। बनेर खड्ड में मिला शव
कांगड़ा जिले में डाडासीबा, ज्वालामुखी व जसूर के कई क्षेत्रों में लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया। कांगड़ा के समीप बनेर खड्ड में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि ऊपरी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण शव बहकर आया था। फागू में सबसे अधिक बारिश
प्रदेश में वीरवार को सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश शिमला के फागू में हुई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। बंद रहीं 40 सड़कें
वीरवार को हुई बारिश से प्रदेश में 40 सड़कें मलबा गिरने और भूस्खलन के कारण बंद रहीं। शिमला में सात सड़कें, मंडी में 27 और जोगेंद्रनगर में छह सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई।
चंबा में भूकंप के झटके
चंबा में वीरवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर चार मापी गई है। भूकंप से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। चंबा में भूकंप के झटके दोपहर करीब 12:47 बजे महसूस किए गए। कहां कितनी हुई बारिश
स्थान,बारिश
फागू,50
बंगाणा,44
कुफरी,34
ऊना,22
छैला,21
बाघी,19
शिमला,13
भुंतर,12
राजगढ़,11
मनाली,10
मंडी,10
धर्मशाला,7
सराहन,8
सुजानपुर टीहरा,7
सुंदरनगर,3
सोलन,3
कांगड़ा,1
(बारिश मिलीमीटर में)