शिमला में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने शिमला में प्रदर्शन किया।
जेएनएन, शिमला: केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर के नेतृत्व में चौड़ा मैदान शिमला में रैली निकाली और विधानसभा का घेराव किया। इस दौरान विधानसभा परिसर से कुछ दूरी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं की पुलिस द्वारा लगाए गए बैरीगेटस को क्रास करने के प्रयास में पुलिस के साथ झड़प भी हुई। कार्यकर्ता जैसे ही बैरीगेटस क्रास करने लगने हालात बेकाबू होने लगे। वहां मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें फेंककर उन्हें पीछे किया। इसी बीच यहां चल रहे विधानसभा सत्र में विपक्ष ने सरकार पर कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करवाने का आरोप लगाते हुए जहां सदन से वॉकआउट कर दिया। वहीं, युवा कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा के गेट के बाहर बैठकर धरना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि लाठीचार्ज के आदेश देने वालों के खिलाफ अगर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
इस प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव में एएसपी सहित पांच पुलिस जवानों के घायल होने की सूचना है। जबकि दस युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं। इनमें दो कार्यकर्ताओं की हालत गंभीर है। इन्हें आईजीएमसी में भर्ती करवाया गया है।
इसी बीच युवा कांग्रेस कार्यकर्ता दूसरे मार्ग से विधानसभा के घेराव के लिए पहुंचने लग पड़े हैं। मौके पर पुलिस बल दूसरे मार्ग में भी तैनात हो गया है। शिमला-कालका मुख्य मार्ग में काफी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हो गए हैं। इससे यहां जाम की स्थिति बन गई है।
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री ने 2014 के लोकसभा चुनावों में करोड़ों युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन धरातल पर स्थिति इससे कोसों दूर है। इन दिनों देश में बेरोजगारी का स्तर यह हो गया है कि लोगों को नौकरी से निकाला जा रहा है। टेलीकॉम, आईटी, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं में छंटनी की जा रही है। सरकार महंगाई का मुद्दा बनाकर सत्ता में आई थी, लेकिन महंगाई पर काबू पाने में नाकाम रही।
शिमला में इस समय प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी बीच विधानसभा के बाहर यूथ कांग्रेस द्वारा किए जा रहे धरना प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस के विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट किया और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए वक्तव्य जिसमें पूरी तरह से यूथ कांग्रेस को दोषी करार देने पर कांग्रेस ने एतराज जताया और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जांच करने की अपेक्षा सीधे-सीधे पुलिस को क्लीन
चिट दे दी है जबकि धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के विधायक सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौके पर मौजूद थे।
उधर, जिला पुलिस प्रमुख शिमला ओमापति जम्वाल ने बताया कि इस प्रदर्शन में नौ पुलिस कर्मचारी घायल हुए हैं। इसमें एएसपी मनमोहन भी शामिल हैं।