वर्कशॉप कर्मियों ने कबाड़ से बना दिया सोलर हैंड सैनिटाइजर
हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर की वर्कशॉप कर्मचारियों ने लॉकडाउन की अवधि का पूरा फायदा उठाते हुए सोलर हैंड सैनिटाइजर का निर्माण किया। जिसके लिए कर्मचारियों द्वारा वर्कशॉप में व्यर्थ पड़े कबाड़ का भरपूर प्रयोग किया और बिना
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) रामपुर के वर्कशॉप कर्मचारियों ने लॉकडाउन की अवधि का पूरा फायदा उठाते हुए सोलर हैंड सैनिटाइजर का निर्माण किया। कर्मचारियों ने वर्कशॉप में व्यर्थ पड़े कबाड़ का भरपूर प्रयोग किया और बिना किसी लागत के खाली समय में हैंड सैनिटाइजर बना दिया।
रामपुर डिपो के तकनीकी कर्मचारियों ने लॉकडाउन की अवधि में खाली समय का सदुपयोग किया। कार्यशाला के हेड मैकेनिक स्वर्ण देव, योगराज, इलेक्ट्रिशियन मोहन और कारपेंटर धर्म सिंह ने ऐसा जुगाड़ लगाया कि कार्यशाला के लिए सोलर हैंड सैनिटाइजर का निर्माण कर दिया।
कोरोना संकट के दौरान बार-बार हाथों को धोने की सलाह देने की बात को लेकर इनके मन में कुछ ऐसा करने का विचार आया और सभी ने मिलकर थोड़े ही समय में वर्कशॉप में पड़े कबाड़ की मदद से सोलर सैनिटाइजर बना दिया। इसमें उनके द्वारा सोलर पैनल, बेकार पड़े वाटर टैंक, लिफ्ट पंप और कुछ बेकार पड़ी लोहे की छड़ों का प्रयोग किया गया। इसका इस्तेमाल करना भी बहुत ही सरल है। इसकी बैटरी सोलर पैनल से चार्ज होती है और एक लीवर की मदद से सैनिटाइजर बाहर निकलता है। इससे वर्कशॉप में आने जाने वाले अपने हाथों को आसानी से सैनिटाइज कर सकते हैं।