महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये और 300 यूनिट मुफ्त बिजली, हिमाचल में अपना परिवार सुखी परिवार योजना लागू
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना' लागू की है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये और पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी।
-1795631097301_m.webp)
अपने मंत्रियों के साथ बैठक करते सीएम सुक्खू। फाइल फोटो
HighLights
ग्रामीण महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता।
पात्र परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली सुविधा।
योजना का उद्देश्य परिवारों का समग्र विकास सुनिश्चित करना।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को अब हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही पात्र परिवारों को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली भी दी जाएगी। प्रदेश सरकार ने 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना' लागू कर दी है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी। योजना की खास बात यह है कि सरकार केवल आर्थिक सहायता देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करेगी, बल्कि प्रत्येक लाभार्थी परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का डिजिटल रिकार्ड तैयार कर उसके समग्र विकास की योजना भी बनाएगी।
योजना के तहत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। हालांकि, केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य समान आवर्ती आर्थिक सहायता का लाभ लेने वाली महिलाएं इसके लिए पात्र नहीं होंगी। सहायता राशि आधार प्रमाणीकरण, ई-केवाईसी और आधार से जुड़े बैंक खाते के माध्यम से सीधे खाते में भेजी जाएगी।
दो बिजली मीटरों पर मिलेगी 300 यूनिट मुफ्त बिजली
पात्र परिवार को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के माध्यम से अधिकतम दो घरेलू बिजली मीटरों पर कुल 300 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली मिलेगी। दोनों मीटरों की खपत मिलाकर ही 300 यूनिट की सीमा तय होगी। इसके लिए पंचायत स्तर पर पात्र परिवारों की पहचान की जा रही है।
हर साल होगी परिवार की आर्थिक स्थिति की समीक्षा
योजना में परिवारों की सालाना निगरानी का भी प्रविधान किया गया है। प्रत्येक पात्र परिवार का हाउसहोल्ड डेवलपमेंट प्लान तैयार होगा, जिसकी जिम्मेदारी एसडीएम को दी गई है। पंचायत सचिव हर साल परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की समीक्षा करेंगे और बदलाव का ब्योरा एमएमएपी पोर्टल पर अपडेट करेंगे। जिला स्तर पर उपायुक्त इसकी निगरानी करेंगे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग योजना का नोडल विभाग होगा।
15 दिन में निपटानी होगी शिकायत
लाभार्थी योजना से जुड़ी शिकायत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पास दर्ज करवा सकेंगे। बीडीओ को 15 दिन में शिकायत का निपटारा करना होगा। उनके पात्रता संबंधी फैसले के खिलाफ सात दिन के भीतर एसडीएम के पास अपील की जा सकेगी। एसडीएम को भी 15 दिन में निर्णय लेना होगा। गलत तरीके से सहायता प्राप्त करने वालों से राशि की वसूली का भी प्रविधान किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।