बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें
राजधानी शिमला में मौसम और लगातार गिर रहे तापमान ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
-जिले में सोमवार और मंगलवार को भारी बर्फबारी की चेतावनी, सड़कें बंद होने से हो सकती है परेशानी
-----
-कुफरी का न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री सेल्सियस किया रिकॉर्ड
-शिमला शहर में भी तापमान जमाव बिदु से नीचे लुढ़का जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला में मौसम ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बर्फीली हवाओं ने तापमान को और गिरा दिया है। जिला के कई स्थानों पर रविवार का दिन इस सीजन के दौरान सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार और मंगलवार को जिले के अधिकांश क्षेत्रों में भारी से अति भारी बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने अलर्ट किया है कि बर्फबारी के कारण सड़कें बंद होने की संभावना है। बिना कारण घर से बाहर न निकलें।
रविवार को कुफरी का न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि शिमला शहर में भी तापमान जमाव बिदु से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। दिनभर कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। शिमला में सुबह करीब पांच बजे अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद 10 बजे तक पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दिनभर धूप खिले रहने के बावजूद अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं बढ़ पाया और शाम ढलते ही इसमें गिरावट आनी शुरू हो गई। इससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं शनिवार शाम बर्फबारी के कारण खड़ा पत्थर में पथ परिवहन निगम की एक बस फंस गई। बस में तीन लोग सवार थे, पथ परिवहन निगम की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और सड़क को साफ कर बस को बाहर निकाला। दो घंटे तक यात्री बस में ठंड से जूझते रहे। इसके अलावा ढली से फागू तक रविवार सुबह भी रास्तों पर फिसलन बनी रही। वाहन स्किड होने के कारण सुबह मार्ग पर यातायात कम ही चल पाया। हालांकि नौ बजे के बाद यातायात सामान्य हो गया था। लेकिन फिसलन होने के कारण बार बार जाम लगता रहा और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
------
कुफरी, नालदेहरा में पर्यटकों ने की मस्ती
शनिवार को कुफरी में हुई बर्फबारी के बाद रविवार को बड़ी संख्या में पर्यटक कुफरी, नालदेहरा पहुंचे। भारी ठंड के बीच पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ और दिनभर कुफरी में मौज मस्ती का दौर चलता रहा। शिमला-कुफरी सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ गई और जाम लग गया। घंटों जाम में पर्यटक जूझते रहे। कुफरी से शिमला वापसी में भी पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ी। शिमला के मालरोड और रिज मैदान पर धूप में पर्यटकों ने खूब मौज मस्ती की।
------
पानी की पाइपें जम गई
शिमला में रविवार को भारी ठंड के कारण पानी की पाइपें जाम हो गई। इस कारण शहर के कोल्ड जोन में पेयजल संकट भी गहरा गया। लोगों को पीने के पानी के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। कई स्थानों पर लोग पाइपों को गर्म कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने में लगे रहे। शिमला के तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना है।