हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, पर्यटकों के खिले चेहरे; किसानों व बागवानों को नुकसान
हिमाचल में मौसम ने तेवर बदल दिये हैं रोहतांग में बर्फबारी और भारी ओलावृष्टि के कारण फसलों को नुकसान हुआ है।
शिमला/मनाली, जेएनएन। मई की शुरुआत में ही हिमाचल में मौसम के तेवर तीखे हो गए। रोहतांग दर्रे पर बुधवार को आधा फीट हिमपात हुआ। शिमला व सिरमौर जिलों के अधिकतर क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हुई। ओलों का आकार देखकर लोग हैरान रह गए। दोनों जिलों में ओलावृष्टि से सेब व सब्जियों की अधिकतर फसल को नुकसान हुआ है। किसानों व बागवानों को करोड़ों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।
शिमला में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे भारी ओलावृष्टि हुई। इससे सड़कें सफेद हो गई। ओलों से सेब की फसल और पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा शिमला मिर्च, मटर, टमाटर व फ्रासबीन की फसल को नुकसान पहुंचा। ओलावृष्टि ने बागवानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। करीब चाढे़ चार हजार करोड़ रुपये की सेब की आर्थिकी खतरे में है। बुधवार को बर्फबारी के कारण मनाली से रोहतांग दर्रा पैदल पार कर लाहुल-स्पीति जा रहे 10 लोगों के दल को भी लौटना पड़ा है।
रोहतांग दर्रे में मंगलवार से बर्फबारी जारी रही। इससे रोहतांग दर्रे सहित मनाली-लेह मार्ग की बहाली प्रभावित हुई है। मौसम ऐसा ही रहा तो रोहतांग बहाली एक सप्ताह और आगे खिसक सकती है। लाहुल-स्पीति में तारचार, किंगरीट सहित चोटियों और जिला मुख्यालय केलंग के आसपास के क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरे। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि रोहतांग सहित बारालाचा दर्रा में बर्फबारी से सड़क बहाली का कार्य प्रभावित हुआ है। मनाली के एसडीएम अश्वनी कुमार ने सैलानियों से आग्रह किया कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही गुलाबा की वादियों का रुख करें। सैलानियों को गुलाबा बैरियर तक ही जाने की अनुमति दी गई है। उन्होंने लाहुल जाने वाले लोगों से भी आग्रह किया की मौसम को देखकर ही रोहतांग दर्रा पार करें। किन्नौर की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई।
पर्यटकों ने किया पहाड़ों का रुख
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बुधवार को बारिश हुई। चोटियों पर बर्फबारी के कारण मौसम सुहावना होने से पर्यटकों ने पहाड़ों का रुख कर लिया है। प्रदेश के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। गर्मी से निजात पाने के लिए पर्यटक शिमला, किन्नौर, कुल्लू व मनाली पहुंचना शुरू हो गए हैं।
प्रदेश में चार तक बारिश व बर्फबारी होने के आसार
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में तबदीली
आई है। इसका प्रभाव मैदानी क्षेत्रों में भी पड़ा है। आगामी तीन दिन मौसम के तेवर ऐसे ही रहने
की उम्मीद है। चार मई तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश
की संभावना है। इस दौरान शिमला व सिरमौर में ओलावृष्टि हो सकती है।