भारी बारिश के बाद शिमला शहर की पेयजल योजना में भरी गाद, आधे से ज्यादा शहर में नहीं हुई आपूर्ति
Water Supply Shimla शिमला में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर को पेयजल आपूर्ति करने वाली परियोजना में गाद आने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई है।
शिमला, जेएनएन। शिमला में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर को पेयजल आपूर्ति करने वाली परियोजना में गाद आने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई है। गिरी पिरयोजना के साथ कैचमेंट एरिया में मिट्टी बारिश के पानी के साथ बहकर परियोजना में आ गई। इस कारण शहर में शनिवार को कम पेयजल आपूर्ति हुई।
आम दिनों में शिमला में 49 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन शनिवार को 34 एमएलडी पानी ही शहर में आया। गाद आने के कारण शिमला जल प्रबंधन निगम को पंपिंग रोकनी पड़ी। गिरी परियोजना से 8.13 एमएलडी पानी की ही आपूर्ति हो पाई। इस कारण शहर के कई हिस्सों में शनिवार को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई।
निर्माण कार्यों से निकल रही मिट्टी बनी परेशानी
गिरी नदी के दोनों छोर पर निजी व सरकारी निर्माण कार्यों से निकल रही मिट्टी को अवैध रूप से डाला जा रहा है। अब बरसात में वह मिट्टी खिसककर सीधे नदी में पहुंच रही है। इससे पानी इतना गंदा हो गया है कि शहर के लिए पानी की पंपिंग को बंद करना पड़ा है। इसका नतीजा यह हुआ कि शहर में पानी की सप्लाई बाधित हो गई और शहरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
मटमैला हुआ पानी
गिरी नदी से शिमला को पानी पहुंचाने के लिए तैयार की गई योजना से 20 एमएलडी पानी हर दिन आता है। लेकिन पहली बरसात ने ही शिमला जल प्रबंधन निगम के पसीने छुड़ा दिए हैं। जहां शिमला जल प्रबंधन निगम 24 घंटे पानी देने के दावे कर रहा है, वहीं गाद के कारण अब लोगों को दिन में एक बार भी पानी देना चुनौती बन गया है।