चौथे दिन भी नहीं हो पाई पानी की आपूर्ति
राजधानी में रविवार को आधे शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। शहर
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी में रविवार को आधे शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। शहर में कई दिन से जल संकट है। नगर निगम प्रशासन जनता को चौथे दिन भी पानी उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। ऐसे में लोगों को पीने के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है।
पानी को लेकर राजधानी में हालात इतने नाजुक हैं कि लोग बूंद-बूंद को तरस गए हैं। शहर के अधिकतर क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति चौथे से पांचवें दिन हो रही है, जबकि नगर निगम ने एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति करने का वादा किया है। बहरहाल आलम यह है कि शहर के उपनगर टुटू, संजौली, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, चलौठी, कसुम्पटी, छोटा शिमला, मैहली, विकासनगर व ढली आदि क्षेत्र की जनता पानी की कमी से लगातार जूझ रही है।
सोमवार को भी शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, क्योंकि रविवार को पेयजल योजनाओं से पानी की आपूर्ति ही नहीं हो पाई है। रिज मैदान के लिए जिन पंपों से सुबह आठ बजे पानी आना शुरू हो जाता था वह रविवार को साढ़े तीन बजे चले। इस कारण शहर की जनता को चौथे दिन भी पानी नहीं मिल पाएगा। सोमवार को कनलोग, टालेंड, ठंडी कोठी बियरखाना आदि क्षेत्र पानी की आपूर्ति की जानी थी। लेकिन मुख्य जलस्रोतों से ही पानी की आपूर्ति न होने के कारण इन क्षेत्रों में सोमवार को पानी की आपूर्ति बाधित रह सकती है।
-------------
पेयजल स्रोत सूखे
पर्याप्त बारिश और बर्फबारी न होने के कारण शहर को जलापूर्ति करने वाली योजनाओं में जल स्तर काफी कम हो गया है। इस कारण शहर में पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। इस कारण 30 एमएलडी पानी ही शहर में पहुंच पा रहा है, जबकि शहर में 55 एमएलडी की जरूरत रहती है।