शिमला में सांप के डसने से दो सगी बहनों की मौत, कमरे में बेसुध मिलीं 11 और 8 साल की बच्चियां
शिमला जिले के नेरवा तहसील में सांप के डसने से दो सगी बहनों, 11 वर्षीय महक और 8 वर्षीय कनक, ...और पढ़ें

शिमला में सांप के डसने से दो बहनों की मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शिमला के नेरवा में सांप के डसने से दो बहनों की मौत।
11 वर्षीय महक और 8 वर्षीय कनक को सांप ने डसा।
आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान दोनों बच्चियों ने दम तोड़ा।
जागरण टीम, नेरवा (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक बेहद दर्दनाक घटनाक्रम सामने आया है। नेरवा तहसील की दूरदराज पंचायत टेलर में सांप के डसने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। जितेंद्र चौहान की बेटियों 11 वर्षीय महक और 8 वर्षीय कनक को सांप ने डस लिया। अचानक दोनों बच्चियों की मौत से परिवार रो-रोकर बेहाल है।
कमरे में बेसुध मिली दोनों
जानकारी के अनुसार 20 सितंबर की सुबह दोनों बच्चियों को कमरे में बेसुध पाया गया। परिजन उन्हें उपचार के लिए पहले त्यूणी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर दोनों को रोहड़ू अस्पताल और वहां से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
आईजीएमसी शिमला में तोड़ा दम
आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान दोनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। बच्चियों की मौत से परिवार सदमे में है।
प्रशासन देगा राहत
मामले की सूचना नेरवा के तहसीलदार कुश कुमार को दी गई है। तहसीलदार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि होगी। यदि रिपोर्ट में सांप के काटने से मौत की पुष्टि होती है तो नियमानुसार परिजनों को राहत प्रदान की जाएगी।
मंडी में भाई-बहन की हुई मौत
गत दिनों मंडी में सांप के डसने से भाई-बहन की मौत हो गई थी। अब शिमला में यह दूसरी ऐसी घटना पेश आई है। मंडी में दोनों भाई-बहन बेड पर सोए हुए थे, जबकि उनके माता-पिता नीचे सोए थे।
