शिमला में कला के जरिए जुड़ेंगे दो पर्वत शिखर, IHM कुफरी में आस्ट्रियाई कलाकार रच रहे अनूठी कृति
कुफरी के आईएचएम में भारत-आस्ट्रियाई भित्ति चित्र परियोजना शुरू हुई है, जो हिमालय और आल्प्स की संस्कृतियों को जोड़ती है। यह कलाकृति स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आकर्षित करेगी।
-1794487336807_m.webp)
शिमला में कला के जरिए जुड़ेंगे दो पर्वत शिखर।
HighLights
IHM कुफरी में भारत-आस्ट्रियाई भित्ति चित्र परियोजना का आगाज।
हिमालय और आल्प्स की संस्कृति को दर्शाती अनूठी कलाकृति।
छात्रों को आस्ट्रिया में अध्ययन-रोजगार के अवसर मिलेंगे।
राज्य ब्यूरो, शिमला। पर्यटन नगरी कुफरी की वादियां अब अंतरराष्ट्रीय कला और सांस्कृतिक मैत्री के रंगों से सराबोर होने जा रही हैं। होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) कुफरी में एक अनूठी पहल के तहत भारत-आस्ट्रियाई भित्ति चित्र (म्यूरल) परियोजना का आगाज किया गया है।
इसके अंतर्गत कुफरी स्थित मिलिट्री कैंप से सटे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के किनारे संस्थान की प्रमुख चारदीवारी को भव्य कलाकृति से सजाया जा रहा है। मुख्य मार्ग पर होने के कारण यह कलाकृति स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।
भित्ति चित्र परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात आस्ट्रियन कल्चरल फोरम, नई दिल्ली के निदेशक माइकल पाल 23 से 25 नवंबर, 2026 तक आईएचएम कुफरी के दौरे पर रहेंगे। अपनी यात्रा के दौरान 24 नवंबर को वे संस्थान के छात्रों के लिए आस्ट्रिया में अध्ययन और रोजगार के अवसर विषय पर एक विशेष प्रस्तुति और करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करेंगे। इस सत्र से हास्पिटैलिटी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को सीधा मार्गदर्शन मिल सकेगा।
इस महत्वाकांक्षी भित्ति चित्र की परिकल्पना जहां हिमालय आल्प्स से मिलता है विषय पर आधारित है। इस कलाकृति के माध्यम से भारत और ऑस्ट्रिया की समृद्ध पर्वतीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और अंतरराष्ट्रीय मित्रता को एक ही कैनवास पर जीवंत किया जा रहा है।
आस्ट्रियाई दूतावास, नई दिल्ली की ओर से कलाकार फ्लोरियन पर्ल और विटाली हरेख इस भित्ति चित्र को मूर्त रूप दे रहे हैं। इस रचनात्मक परियोजना को सफल बनाने में एसओएफएल शिमला की सीमा शर्मा का भी विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
छात्रों को वैश्विक कला समझने का मिलेगा अवसर: डॉ डिमरी
परियोजना के शुभारंभ अवसर पर आईएचएम शिमला के प्रधानाचार्य डा. मुकुल डिमरी ने अतिथि कलाकारों का स्वागत किया। उन्होंने इस सार्थक सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सुगम बनाने के लिए ऑस्ट्रियन कल्चरल फोरम और आस्ट्रियाई दूतावास, नई दिल्ली के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. डिमरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को अपनी रचनात्मक कल्पना को साकार करते देखना संस्थान के छात्रों के लिए एक अनूठा और प्रेरणादायक अवसर है। इससे विद्यार्थियों को वैश्विक कला की बारीकियों और अंतर-सांस्कृतिक सद्भाव को करीब से समझने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।